निजी अमीन को मापी से रोका, बकझक, पहुंची पुलिस
बंदोबस्त जमीन पर दखल को लेकर धाधकीडीह और कालीमाटी के ग्रामीणों में तनाव
दखल दिलाने के नाम पर प्रशासन औपचारिकता निभा चला गया, विवाद नहीं निपटा
गालूडीह : कोल्हान आयुक्त के आदेश पर मंगलवार को पुलिस-प्रशासन ने आदिवासी परिवार को बंदोबस्त जमीन पर दखल दिला दिया. अबतक विवाद का निबटारा नहीं हो पाया. दखल लेने और नहीं देने को लेकर धाधकीडीह और कालीमाटी के ग्रामीणों में तनाव है. गुरुवार को विवाद गहरा गया जब बंदोबस्त धारी ठाकुरा हांसदा अपने समर्थकों के साथ बंदोबस्त जमीन पर निजी अमीन मृणाल महतो को लेकर पहुंचे. बंदोबस्त जमीन की मापी करनी शुरू की. यह देख कालीमाटी के ग्रामीणों ने विरोध कर निजी अमीन को मापी करने से रोक दिया. कालीमाटी के ग्रामीणों का कहना था कि सरकारी अमीन लेकर आये तब मापी करने देंगे. इस पर विवाद बढ़ गया.
दोनों पक्ष के ग्रामीणों के बीच बकझक हुई. सूचना पाकर स्थानीय पुलिस पहुंची. ग्रामीणों को समझा कर मामला शांत कराया. तय हुआ कि सरकारी अमीन लेकर आयेंगे तब मापी होगी.
जानकारी हो कि मंगलवार को घाटशिला के सीओ राजेंद्र प्रसाद सिंह, प्रशिक्षु डीएसपी कुलदीप कुमार,थाना प्रभारी सुधांशु कुमार सुरक्षा व्यवस्था के बीच कालीमाटी मौजा में बंदोबस्त धारी आदिवासी परिवार को डुगडुगी बजाकर दखल दिलाया था.
रात में भी अज्ञात लोगों ने पिलर और झंडे उखाड़ फेंका. बुधवार को बंदोबस्त धारियों ने बंदोबस्त जमीन पर हल जोतने लगे. कालीमाटी के ग्रामीणों ने रोक दिया.
हम पूरी जमीन पर दखल लेंगे : ठाकुरा : धाधकीडीह के बंदोबस्त धारी बुढ़ान हांसदा के पुत्र ठाकुरा हांसदा का कहना है 1982-83 में कालीमाटी मौजा में प्लॉट संख्या 236, खाता संख्या 21 और रकवा 0.60 डिसमुल जमीन और मान सिंह हांसदा के नाम पर खाता संख्या 21, प्लॉट संख्या 236 में 26 डिसमिल और प्लॉट संख्या 237 में 29 डिसमिल जमीन बंदोबस्त मिला था.दखल नहीं मिलने पर ठाकुरा हांसदा 60 डिसमील जमीन के मामले में कोर्ट गये. वहां से दखल का आदेश मिला है. ठाकुर हांसदा ने बताया बुढ़ान हांसदा पिता थे और मानसिंह चाचा. बंदोबस्त की कुल जमीन एक एकड़ 15 डिसमिल है. आपसी समझौता पर 60 डिसमील पर दखल पर राजी हुए थे. पर अब विवाद गहराने पर हम पूरी जमीन पर ही दखल लेंगे.
