रानीश्वर : रानीश्वर प्रखंड मुख्यालय के रघुनाथपुर स्थित कन्या मध्य विद्यालय में शिक्षकों की घोर कमी है. विद्यालय में कक्षा पहली से आठवीं तक 303 बच्चे नामांकित हैं, जबकि प्रधानाध्यापक सहित तीन सरकारी शिक्षक पदस्थापित हैं. इसके अलावा दो सहायक अध्यापिका और एक कंप्यूटर ऑपरेटर कार्यरत हैं.
गांव के युवक बने बच्चों का सहारा
शिक्षकों की कमी के बीच स्थानीय युवक चंचल दे और श्रेया घोषाल गेस्ट टीचर के रूप में बच्चों को पढ़ाने में सहयोग कर रहे हैं. प्रधानाध्यापक विश्वनाथ गोराई ने बताया कि विभागीय रिपोर्ट सहित अन्य कार्यों में भी शिक्षकों को व्यस्त रहना पड़ता है. इसके बावजूद बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान दिया जा रहा है. चंचल दे करीब दो साल से, जबकि श्रेया घोषाल दो महीने से विद्यालय में शिक्षा दान कर रही हैं.
एक शिक्षक दुमका में प्रतिनियुक्त
जानकारी के अनुसार विद्यालय में पदस्थापित एक शिक्षक लंबे समय से दुमका में प्रतिनियुक्ति पर हैं. इससे विद्यालय में शिक्षकों की कमी और बढ़ गयी है. प्रधानाध्यापक ने बताया कि फिलहाल दो गेस्ट टीचर बच्चों के पठन-पाठन में सहयोग कर रहे हैं. इससे पहले गांव के सेवानिवृत्त बैंक शाखा प्रबंधक अरविंद सेन भी बच्चों की कक्षा लिया करते थे.
आईसीटी लैब और पुस्तकालय पर भी जोर
विद्यालय में बच्चों के पठन-पाठन के साथ अन्य शैक्षणिक गतिविधियों पर भी ध्यान दिया जा रहा है. आईसीटी लैब के माध्यम से बच्चों को कंप्यूटर शिक्षा दी जा रही है. वहीं पुस्तकालय को आकर्षक रूप से सजाया गया है, जहां बच्चे अपनी इच्छा से पुस्तकों का अध्ययन करते हैं.
