संवाददाता, दुमका/शिकारीपाड़ा: दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के चंदनगढ़िया गांव में घरेलू विवाद के बाद एक महिला की गंभीर रूप से झुलसने से मौत हो गयी. मृतका के मायकेवालों ने उसके पति अर्जुन राय पर पेट्रोल-डीजल डालकर आग लगाने का गंभीर आरोप लगाया है. गंभीर हालत में शनिचरिया देवी को पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. घटना के बाद से आरोपी पति फरार बताया जा रहा है.
दो साल पहले हुई थी शादी, अक्सर होता था विवाद
जानकारी के अनुसार, शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के गन्दरकपुर गांव निवासी अर्जुन राय की शादी करीब दो वर्ष पहले चंदनगढ़िया गांव निवासी शनिचरिया देवी के साथ हुई थी. परिजनों के मुताबिक, शादी के बाद से दोनों के बीच अक्सर घरेलू विवाद होता रहता था.
इन दिनों शनिचरिया देवी अपने मायके चंदनगढ़िया में रह रही थी. बताया गया कि बाद में उसका पति अर्जुन राय भी वहां पहुंचा था.
पिता और भाई रिश्तेदार के घर गये थे
परिजनों के अनुसार, घटना की रात शनिचरिया के पिता और भाई किशन राय किसी रिश्तेदार के घर गये हुए थे. घर में शनिचरिया देवी और उसका पति अर्जुन राय मौजूद थे. इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया.
मायकेवालों का आरोप है कि विवाद के बाद अर्जुन राय ने घर में मौजूद पेट्रोल-डीजल शनिचरिया देवी पर डाल दिया और आग लगा दी. आग की चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से झुलस गयी.
गंभीर हालत में रामपुरहाट ले गये, इलाज के दौरान मौत
घटना की जानकारी आसपास के लोगों ने शनिचरिया के परिजनों को दी. सूचना मिलते ही पिता और भाई घर पहुंचे. गंभीर रूप से झुलसी शनिचरिया को तत्काल इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट सदर अस्पताल ले जाया गया.
वहां चिकित्सकों ने महिला का इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर स्थिति के कारण उसे बचाया नहीं जा सका. इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गयी.
भाई ने दर्ज करायी प्राथमिकी
मृतका के भाई किशन राय ने रविवार को शिकारीपाड़ा थाना पहुंचकर मामले में प्राथमिकी दर्ज करायी. उन्होंने अपनी बहन की मौत के लिए उसके पति अर्जुन राय को जिम्मेदार बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है.
प्राथमिकी के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर रही प्रयास
शिकारीपाड़ा थाना प्रभारी अमित कुमार लकड़ा ने बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद होने की बात सामने आयी है. महिला के पति पर उसे जलाने का आरोप लगाया गया है. घटना के बाद से आरोपी फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है.
पुलिस का कहना है कि जांच के बाद घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी.
