महिला हत्याकांड को लेकर सांसद से मिले फिटकोरिया के ग्रामीण, न्याय की गुहार

काठीकुंड प्रखंड के फिटकोरिया गांव के लोगों ने दुमका सांसद नलिन सोरेन को गांव में हुए हत्याकांड को लेकर पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया.

काठीकुंड. काठीकुंड प्रखंड के फिटकोरिया गांव के लोगों ने गुरुवार को दुमका सांसद नलिन सोरेन से शिवतल्ला स्थित उनके आवास में मुलाकात की और गांव में हुए हत्याकांड को लेकर सांसद को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया. मृतक के परिजनों व ग्रामीणों ने हत्याकांड में संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ ही सख्त से सख्त सजा दिलाने को लेकर पहल करने की गुहार लगायी. मौके पर श्री सोरेन ने दुमका एसपी से फोन पर बात कर अब तक किये गये अनुसंधान को लेकर जानकारी ली. एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने सांसद को बताया कि मामले में पुलिस पूरी गंभीरता के साथ अनुसंधान में जुटी है और कुछ लोगों से पूछताछ भी की जा रही है. हर एक बिंदुओं पर पुलिस काम कर रही है. सांसद श्री सोरेन ने एसपी को इस बात का ख्याल रखने को कहा कि पुलिसिया कार्रवाई में किसी निर्दोष को परेशानी न हो. इसे लेकर एसपी श्री खेरवार ने कहा कि पुलिस इन सब चीजों का पूरा ध्यान रख रही है. मौके पर मृतक महिला के बच्चों के भविष्य को लेकर ग्रामीणों ने सांसद के समक्ष चिंता व्यक्त की. श्री सोरेन ने कहा कि इस घटना ने सभी को झकझोर दिया है, पीड़ित परिवार के साथ पूरी संवेदनाएं है. उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा कि बच्चों की पढ़ाई लिखाई को लेकर सरकार के स्तर से मिलने वाली हर एक सुविधा उन्हें मुहैया करायी जायेगी. कहा कि दिवंगत के श्राद्ध कर्म सहित अन्य संस्कार का निर्वहन करने में फिटकोरिया गांव के लोगों के साथ हम भी पीड़ित परिवार की मदद के लिए मौजूद रहेंगे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >