सरैयाहाट में एक सप्ताह से अंधेरे में तड़प रहे ग्रामीण, अंडरग्राउंड केबल पंचर से ठप बिजली, आक्रोश बढ़ा

सरैयाहाट के कई गांवों में एक सप्ताह से बिजली गुल है। अंडरग्राउंड केबल खराब होने से ग्रामीण अंधेरे और पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। विभाग के खिलाफ आक्रोश बढ़ा।

सरैयाहाट: प्रखंड की कोरदाहा व मटिहानी पंचायत के दर्जनों गांवों में पिछले एक सप्ताह से बिजली गुल है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. हरलाटांड़ रेलवे स्टेशन के समीप अंडरग्राउंड केबल पंचर होने से बिजली आपूर्ति ठप है, लेकिन विभाग की ओर से मरम्मत कार्य में अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गयी है. बिजली संकट के कारण धोबरना, जगतपुर, बरमसिया, बन नावाडीह, ढोलपहरी, बलियाडीह, तेतरिया टोला, पिपरा टोला सहित कई गांवों के लोग पिछले एक सप्ताह से अंधेरे में जीने को मजबूर हैं. विभाग की ओर से अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया है. ग्रामीणों का कहना है कि जिस गति से बिजली बिल वसूली होती है, उसी गति से समस्या का समाधान क्यों नहीं किया जाता.

अंधेरे में ठप पढ़ाई, सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता

बिजली नहीं रहने से बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित हुई है. रात में अंधेरे के कारण बच्चे पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उनका भविष्य अंधकारमय होता दिख रहा है. वहीं, विषैले जीव-जंतुओं का डर छोटे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा रहा है. चोरी की आशंका भी बढ़ गयी है, जिससे लोग पूरी रात जागकर बिताने को मजबूर हैं. ग्रामीणों की मानें तो अंधेरे की इस जिंदगी ने उनकी रातों की नींद हराम कर दी है.

पेयजल संकट ने बढ़ायी मुसीबत, मोटर नहीं चलने से ठप पानी की व्यवस्था

बिजली नहीं रहने से पेयजल संकट भी गहरा गया है. मोटर नहीं चलने के कारण पानी की व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गयी है, जिससे ग्रामीणों को पानी के लिए दूर-दूर तक भटकना पड़ रहा है. गर्मी के मौसम में पानी की किल्लत ने जनजीवन को और मुश्किल बना दिया है. महिलाओं को घरों की जरूरतें पूरी करने के लिए पानी की तलाश में मीलों पैदल चलना पड़ रहा है, जो अपने आप में एक बड़ी चुनौती है.

विभागीय लापरवाही के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी

ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि विभाग को कई बार सूचना देने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया है. दुर्योधन यादव, बिनोद यादव, इस्लाम अंसारी, शमशेद अंसारी, जामुन यादव, घनश्याम दास, गेनालाल राय, डगरी राय, नंदू यादव, बोलो मुर्मू, झरिया मुर्मू, देवासी मुर्मू, प्रकाश दास, नागेश्वर दास, अवधलाल यादव व महेंद्र दास समेत कई ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बिजली बहाल नहीं की गयी तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे. उनका कहना है कि अब चुप्पी साधने का समय नहीं, बल्कि अपने अधिकारों के लिए लड़ने का वक्त आ गया है.

क्या कहते हैं अभियंता

बिजली विभाग के जेई कृष्ण कुमार ने कहा कि लाइन बाधित होने की सूचना मिली है. फॉल्ट का पता लगाकर शीघ्र ही मरम्मत कार्य कर आपूर्ति बहाल कर दी जायेगी.

महत्वपूर्ण हाइलाइट्स

  • सरैयाहाट के कोरदाहा व मटिहानी पंचायत के कई गांवों में पिछले एक सप्ताह से बिजली गुल है.
  • हरलाटांड रेलवे स्टेशन के समीप अंडरग्राउंड केबल पंचर होने से आपूर्ति ठप है.
  • बिजली नहीं रहने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई है और पेयजल संकट गहरा गया है.- सांप-बिच्छू व चोरी की आशंका से ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है.
  • ग्रामीणों ने जल्द समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चंद्रकांत कुमार

पिछले 14 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में प्रखंड स्तर पर सक्रिय हूं, जहां मैंने जमीनी मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का कार्य किया है. ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सरोकार से जुड़ी खबरों को निष्पक्ष और तथ्यपरक ढंग से प्रस्तुत करना मेरी प्राथमिकता रही है. पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और जनहित की आवाज बनने का निरंतर प्रयास है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >