3.80 लाख व बुलेट बाइक व सोने की अंगूठी लूट में बिहार के दो अपराधी धराए

पुलिस ने दो अपराधकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया है. उनके पास से लूटी गयी बुलेट मोटरसाइकिल, सोने की अंगूठी, घटना में प्रयुक्त अपाची मोटरसाइकिल और देसी पिस्टल बरामद की गयी है.

दुमका. हंसडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत बढ़ैत के पास हुई लूट की घटना का पुलिस ने चंद घंटे के अंदर दो अपराधकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया है. उनके पास से लूटी गयी बुलेट मोटरसाइकिल, सोने की अंगूठी, घटना में प्रयुक्त अपाची मोटरसाइकिल और देसी पिस्टल बरामद की गयी है. एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने प्रेस कान्फ्रेंस कर उक्त जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 2 फरवरी को करीब 14.00 बजे हंसडीहा थाना क्षेत्र के बढ़ैत के पास से गुजर रहे हंसडीहा गोड्डा रोड के रामकुमार सिंह को नीले रंग की अपाची मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात अपराधकर्मियों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया. इसके बाद अपराधकर्मियों ने कनपटी पर पिस्टल सटाकर उनकी बुलेट बाइक और सोने की अंगूठी लूट ली और फरार हो गए थे. श्री खेरवार ने बताया कि पीड़ित के लिखित आवेदन के आधार पर हंसडीहा थाना कांड संख्या 09/26 के तहत धारा 309(4) 3(5) बीएनएस एवं 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया. कांड की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जरमुण्डी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सूचना संकलन के आधार पर घटना में संलिप्त दोनों अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया. पूछताछ में दोनों ने लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. साथ ही उन्होंने हंसडीहा गोड्डा रोड पर 03 जनवरी को 3 लाख 80 हजार रुपये की लूट की घटना में भी अपनी भूमिका स्वीकार की, जो हंसडीहा थाना कांड संख्या 01/2026 के तहत दर्ज है. गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मो कासीम उम्र 37 वर्ष पिता स्व मो उल्फत ग्राम नुरनगर थाना सनौला जिला भागलपुर बिहार एवं मो रुस्तम उम्र 31 वर्ष पिता मनसूर अंसारी ग्राम धोबनी थाना बाराहाट जिला बांका बिहार के रूप में की गयी है. गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से एक बुलेट मोटरसाइकिल (JH04AF 0930), सोने की अंगूठी, नीले रंग की अपाची मोटरसाइकिल (BR51K 9861) तथा 7.65 एमएम का देसी पिस्टल बरामद किया गया है. मो कासीम कुरसैला, सनौला व तिलकामांझी थाना के अलग-अलग मामलों में जेल जा चुका है. छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जरमुण्डी अमित कुमार कच्छप, थाना प्रभारी हंसडीहा अजीत कुमार यादव, थाना प्रभारी सरैयाहाट राजेंद्र यादव, अनुसंधानकर्ता जिम्मी हांसदा एवं पुलिस पदाधिकारी दिलीप हांसदा शामिल थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Binay kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >