टोंगरा में 55 लाख का हेल्थ सेंटर, ग्रामीणों को गांव में ही इलाज की उम्मीद

रानीश्वर के टोंगरा गांव में 55 लाख की लागत से बन रहे स्वास्थ्य उपकेंद्र से ग्रामीणों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलने की उम्मीद जगी.

रानीश्वर: प्रखंड के बृंदावनी पंचायत के टोंगरा गांव में ग्रामीणों को जल्द ही प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है. रानीबहाल-दलाही सड़क किनारे मिडिल स्कूल के सामने जिला परिषद की ओर से 55 लाख रुपये की लागत से दो मंजिला स्वास्थ्य उपकेंद्र भवन का निर्माण कराया जा रहा है.

नया भवन बन जाने के बाद टोंगरा और आसपास के गांवों के ग्रामीणों को प्राथमिक इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा. टोंगरा रानीश्वर प्रखंड का अंतिम गांव है और इसके बाद मसलिया प्रखंड क्षेत्र शुरू हो जाता है. ऐसे में यहां स्वास्थ्य उपकेंद्र शुरू होने से सीमावर्ती क्षेत्र के ग्रामीणों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है.

नीचे स्वास्थ्य केंद्र, ऊपर कर्मियों का आवास

निर्माणाधीन दो मंजिला भवन के ग्राउंड फ्लोर पर स्वास्थ्य उपकेंद्र संचालित किया जाएगा, जबकि फर्स्ट फ्लोर पर स्वास्थ्य कर्मियों के रहने के लिए आवास की व्यवस्था होगी.

ग्रामीणों का मानना है कि भवन निर्माण पूरा होने के बाद यदि स्वास्थ्य कर्मी नियमित रूप से उपकेंद्र खोलें तो टोंगरा के साथ आसपास के गांवों के लोगों को समय पर प्राथमिक चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी.

तीन दशक से जर्जर पड़ा पुराना भवन

बृंदावनी पंचायत में इससे पहले बृंदावनी स्कूल के पास स्वास्थ्य उपकेंद्र का भवन बनाया गया था. बताया जाता है कि यह भवन करीब तीन दशक से जर्जर स्थिति में है.

ग्रामीणों को यह भी स्पष्ट जानकारी नहीं है कि टोंगरा-बृंदावनी के नाम से स्वीकृत स्वास्थ्य उपकेंद्र वर्तमान में कहां संचालित होता है. स्थानीय ग्रामीणों से पूछने पर भी इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिलती.

हालांकि विभागीय सूत्रों के अनुसार टोंगरा स्वास्थ्य उपकेंद्र के नाम पर एक एएनएम पदस्थापित हैं. जानकारी के मुताबिक पोषक क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों और गर्भवती माताओं के टीकाकरण के दौरान एएनएम वहां पहुंचती हैं.

नया भवन बना तो दिखेगा स्वास्थ्य उपकेंद्र

ग्रामीणों को उम्मीद है कि टोंगरा में नया भवन बनने के बाद कम से कम लोगों को यह जानकारी स्पष्ट रूप से होगी कि गांव में स्वास्थ्य उपकेंद्र मौजूद है.

ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य उपकेंद्र नियमित रूप से संचालित होने पर छोटी बीमारी, प्राथमिक उपचार, टीकाकरण और अन्य जरूरी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए लोगों को दूसरे स्थानों का रुख नहीं करना पड़ेगा.

तरणी गांव में भी बना नया स्वास्थ्य उपकेंद्र

इसी बृंदावनी पंचायत के रणी गांव में भी नया दो मंजिला स्वास्थ्य उपकेंद्र भवन बनाया गया है. इससे पहले तरणी गांव में स्वास्थ्य उपकेंद्र के लिए भवन उपलब्ध नहीं था.

नए भवनों के निर्माण से ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद बढ़ी है. हालांकि भवन बनने के साथ-साथ स्वास्थ्य कर्मियों की नियमित उपस्थिति और केंद्र का सुचारू संचालन भी महत्वपूर्ण होगा.

रानीश्वर में 25 स्वास्थ्य उपकेंद्र

जानकारी के अनुसार रानीश्वर प्रखंड में कुल 25 स्वास्थ्य उपकेंद्र हैं. इनमें से 20 स्वास्थ्य उपकेंद्रों के भवन का निर्माण पूरा हो चुका है.

वहीं टोंगरा, जयताड़ा, सुखजोड़ा, जयपाहाड़ी और अलीगंज में स्वास्थ्य उपकेंद्र भवन निर्माणाधीन हैं.

नए भवनों के निर्माण के बाद अब ग्रामीणों की नजर इस बात पर है कि इन केंद्रों का नियमित संचालन कब शुरू होता है और उन्हें गांव में ही स्वास्थ्य सुविधाओं का कितना लाभ मिल पाता है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By साधन सेन

वर्ष 1999 के नवंबर महीने से प्रभात खबर अखबार में पत्रकारिता शुरू की. दुमका के रानीश्वर प्रखंड से पत्रकारिता करते हुए जनहित की खबरों को प्राथमिकता देना, हमेशा मेरा ध्येय रहा है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >