गैंगरेप में तीन धराये, एक अब भी फरार

डेढ़ माह के बाद कांड में संलिप्त आरोपियों को एसआइटी ने दबोचा

फिटकोरिया में दो मार्च को गैंगरेप के बाद हुई थी महिला की हत्या संवाददाता, दुमका जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र के भवरपाथर गांव सीमा में महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म कर उसकी निर्मम हत्या किए जाने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. डेढ़ माह के बाद कांड में संलिप्त चार में से तीन आरोपियों को एसआइटी ने धर दबोचने में सफलता पायी है. एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि गिरफ्तार किये गये आरोपियों में 31 वर्षीय बेटका हासदा, 20 वर्षीय क्रिस्टोफर मुर्मू व 24 वर्षीय सुनील हांसदा काठीकुंड थाना क्षेत्र के झिल्ली गांव के रहनेवाले हैं. आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया है, उनकी निशानदेही पर घटनास्थल से मृतका की टूटी हुई लाल-कथ्थी रंग की चूड़ी और घटना के समय पहना गया चेकदार गमछा बरामद किया गया है. तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. संलिप्त अन्य अपराधकर्मी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है. एसआइटी में एसडीपीओ विजय कुमार महतो, काठीकुंड थाना प्रभारी त्रिपुरारी कुमार, अनुसंधानकर्ता एसआई विवेक विल्सन बोयपाई, एसआई केदारनाथ पुरती, गोपीकांदर के एसआई सुमीत कुमार भगत, काठीकुंड के एसआई मिथिलेश कुमार सिंह, हवलदार जेठा मुर्मू, हवलदार कृष्ण कुमार तिवारी,गौतम कुमार दास, गुलाब चंद मरांडी शामिल थे.एसपी ने बताया कि दुष्कर्म व हत्या में शामिल चारों युवक घटना के दिन दो मार्च की दोपहर शिकार करने निकले थे. इसी क्रम में महिला को नदी में अकेला पाकर उसे जबरन पहाड़ी पर ले जाकर सभी ने दुष्कर्म किया था. महिला का मुंह दाब कर रखे जाने की वजह से मौत हो गयी. देर रात चारों ने महिला के शव को उसी नदी के पास झाड़ियों में रख दिया गया, जहां से वो महिला को लेकर गये थे. फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की ली गयी थी मदद पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की भी मदद ली थी. इस केस को सुलझाने में पुलिस को माथापच्ची करनी पड़ी, क्योंकि कॉल डंप और अन्य तकनीकी स्रोतों से भी पुलिस को सफलता हासिल नहीं हो पा रही थी. हर बिंदुओं पर अपनी अनुसंधान को जारी रखते हुए मानवीय स्रोतों पर पकड़ बनाने की कोशिश को जारी रखा था. मृतका 32 वर्ष की थी और चार बच्चों की मां थी. मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही थी. घटना वाले दिन वह काम से दोपहर में लौटने के बाद नहाने के लिए नदी गयी थी. वापस ही नहीं लौटी. देर तक मां के नहीं लौटने के बाद उसकी बड़ी बेटी ने जहां अपनी मां को शाम में नदी जा कर ढूंढा, वहीं परिजन व ग्रामीणों ने भी काफी रात तक महिला की खोजबीन की, लेकिन महिला का कोई पता नहीं चल पाया था. दूसरे दिन सुबह ग्रामीणों ने उसी नदी के किनारे झाड़ियों में महिला का शव नग्नावस्था में देखने के बाद पुलिस को सूचित किया था.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAKESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >