प्रतिनिधि, हंसडीहा
हंसडीहा थाना क्षेत्र स्थित मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के सामने एक गैरेज में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान हंसडीहा निवासी महतुर अंसारी उर्फ छोटू उम्र 21वर्ष के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, बीते 16 जून की रात उत्तम जायसवाल के गैरेज से अज्ञात चोरों ने कई उपकरणों की चोरी कर ली थी. घटना के बाद गैरेज मालिक के लिखित आवेदन पर हंसडीहा थाना में कांड संख्या 60/26 दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी. अनुसंधान के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी कांड में शामिल दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. वहीं, तीसरा आरोपी महतुर अंसारी उर्फ छोटू पुलिस गिरफ्त से फरार चल रहा था.
गुरुवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि फरार आरोपी हंसडीहा चौक के आसपास घूम रहा है. सूचना के आधार पर सहायक अवर निरीक्षक विनोद सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के बाद शुक्रवार को आरोपी को न्यायिक हिरासत में दुमका जेल भेज दिया गया. पुलिस ने बताया कि प्रारंभ में मामला अज्ञात चोरों के विरुद्ध दर्ज किया गया था, लेकिन अनुसंधान के दौरान चोरी की घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
