JPSC-JSSC पेपर लीक पर देवेंद्र नाथ महतो की हुंकार, दुमका में सड़कों पर उतरे सैकड़ों युवा

जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में धांधली के विरोध में दुमका में छात्रों का प्रदर्शन. पेपर लीक, पारदर्शिता और कार्रवाई की मांग. आंदोलन तेज की चेतावनी.

दुमका : झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली और पेपर लीक की लगातार सामने आ रही घटनाओं के विरोध में शुक्रवार को दुमका में छात्रों और बेरोजगार युवाओं का आक्रोश सड़क पर देखने को मिला. छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में एसपी कॉलेज परिसर से भर्ती व्यवस्था यात्रा एवं विरोध रैली निकाली गयी. इसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे सैकड़ों छात्र-छात्राओं और बेरोजगार युवाओं ने हिस्सा लिया. रैली में शामिल युवा हाथों में बैनर और पोस्टर लिये भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, भ्रष्टाचार पर रोक तथा पेपर लीक की घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी कर रहे थे.

एसपी कॉलेज से निकली रैली, डीसी चौक पर हुई जनसभा

एसपी कॉलेज से शुरू हुई रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी. इस दौरान छात्रों ने भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज बुलंद की. रैली के डीसी चौक पहुंचने के बाद वहां विशाल जनसभा आयोजित की गयी. सभा में वक्ताओं ने राज्य की भर्ती व्यवस्था को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाये और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया.

नौकरी की तैयारी करने वाले युवाओं के साथ अन्याय का आरोप

सभा को संबोधित करते हुए देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि झारखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी करने वाले लाखों युवाओं का भविष्य दांव पर लगा हुआ है. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में सरकारी नौकरी की भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव है और परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाओं से मेहनती अभ्यर्थियों को सबसे अधिक नुकसान उठाना पड़ रहा है.

उन्होंने कहा कि किसान और मजदूर परिवारों के बच्चे आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद कर्ज लेकर पढ़ाई करते हैं. कई युवा वर्षों तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं. इसके बावजूद यदि परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र लीक हो जाता है, तो उनकी मेहनत और समय दोनों बर्बाद हो जाते हैं. उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से युवाओं में निराशा और आक्रोश बढ़ रहा है.

पेपर लीक मामलों की सीबीआई जांच की मांग

देवेंद्र नाथ महतो ने पिछले वर्षों में सामने आये पेपर लीक के मामलों की सीबीआई से जांच कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि केवल छोटे स्तर पर कार्रवाई करने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा. पेपर लीक के पीछे सक्रिय गिरोह और इसमें संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई जरूरी है.

उन्होंने सरकार से लंबित सभी नियुक्ति प्रक्रियाओं को जल्द पूरा करने तथा आगामी परीक्षाओं के लिए स्पष्ट परीक्षा कैलेंडर जारी करने की मांग की. साथ ही भर्ती परीक्षाओं में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने की मांग भी उठायी.

मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी

देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि युवाओं के हितों से जुड़े इन मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए. यदि जल्द ठोस पहल नहीं की गयी, तो आंदोलन को और व्यापक किया जायेगा. उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर राज्य के सभी जिलों में भर्ती व्यवस्था यात्रा निकाली जायेगी और युवाओं को एकजुट कर आंदोलन को राज्यव्यापी रूप दिया जायेगा.

रैली में शामिल छात्रों ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी राजनीतिक दल का विरोध करना नहीं, बल्कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित कराना है. छात्रों ने सरकार से मांग की कि प्रतियोगी परीक्षाओं को निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से आयोजित कराया जाये, ताकि मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों को उनका उचित अवसर मिल सके. रैली और जनसभा के दौरान युवाओं में काफी उत्साह और आक्रोश देखने को मिला.



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Anand Jayswal

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >