प्रतिनिधि, काठीकुंड: शिकारीपाड़ा महाविद्यालय में पुनः परीक्षा केंद्र (होम सेंटर) बहाल होने पर शुक्रवार को क्षेत्र के विद्यार्थियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने विधायक आलोक कुमार सोरेन से मुलाकात कर उन्हें धन्यवाद दिया. विद्यार्थियों ने कहा कि होम सेंटर की बहाली से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को परीक्षा देने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और आर्थिक व आवागमन संबंधी परेशानियों से राहत मिलेगी.
दूर परीक्षा केंद्र होने से छात्रों को होती थी परेशानी
विद्यार्थियों ने बताया कि परीक्षा केंद्र दूर होने के कारण ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों को परीक्षा के दौरान आने-जाने में काफी परेशानी होती थी. इससे परीक्षा के समय उन्हें आवागमन और आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ता था.
विद्यार्थियों के अनुसार, अब शिकारीपाड़ा महाविद्यालय में ही परीक्षा केंद्र बहाल होने से इस परेशानी में राहत मिलेगी.
विधायक ने कुलपति के समक्ष उठाया था मामला
विद्यार्थियों ने बताया कि परीक्षा केंद्र दूर होने की समस्या को विधायक आलोक कुमार सोरेन ने गंभीरता से लेते हुए सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका के कुलपति के समक्ष उठाया था.
विद्यार्थियों के अनुसार, विधायक की अनुशंसा के बाद शिकारीपाड़ा महाविद्यालय में पुनः होम सेंटर बहाल किया गया.
छात्र संगठनों ने भी दी बधाई
होम सेंटर की पुनर्बहाली पर भारतीय एकता ट्रस्ट, छात्र नेताओं और विभिन्न छात्र संगठनों की ओर से भी विधायक को बधाई दी गयी.
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि परीक्षा केंद्र की पुनर्बहाली विद्यार्थियों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय है. इसके लिए विद्यार्थियों ने विधायक के प्रति आभार जताया.
विद्यार्थी प्रतिनिधिमंडल में ये रहे मौजूद
मौके पर जिला परिषद सदस्य पश्चिमी क्षेत्र, शिकारीपाड़ा प्रकाश हांसदा, आफताब अंसारी, अब्दुल राशिद, जियाउल अंसारी, अब्दुल कलीम, राहुल सहित अन्य विद्यार्थी व छात्र प्रतिनिधि मौजूद रहे.
\
