पिता की मौत के बाद बेटे ने उठाया कदम, लोडर चालक के खिलाफ FIR

दुमका रेलवे कोल साइडिंग में लोडर की चपेट में आने से सुरक्षा गार्ड की मौत. बेटे ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस से की प्राथमिकी दर्ज करने की मांग.

प्रतिनिधि, दुमका: दुमका रेलवे स्टेशन स्थित कोल साइडिंग के बीजीआर कंपनी के लोडिंग साइड पर 9 सितंबर को लोडर की चपेट में आने से सुरक्षा गार्ड मंतोष कुमार खिरहर की मौत के मामले में उनके पुत्र ने मुफस्सिल थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है. मृतक के पुत्र अमितोष कुमार (22) ने लोडर चालक समेत अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

लापरवाही से लोडर चलाने का आरोप

जामा थाना क्षेत्र के ताराजोड़ा गांव निवासी अमितोष कुमार ने पुलिस को दिये आवेदन में बताया है कि उनके पिता मंतोष कुमार खिरहर दुमका रेलवे कोल साइडिंग के बीजीआर कंपनी के लोडिंग साइड पर आउटसोर्सिंग कंपनी इंडियन बुल्स के तहत सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थे.

अमितोष कुमार भी उसी कंपनी में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करते हैं. 9 सितंबर को पिता-पुत्र दोनों की ड्यूटी कोल साइडिंग में थी.

सामने से आ रहे लोडर ने मारी टक्कर

आवेदन के अनुसार ड्यूटी के दौरान कोयला लोड करने वाली लोडर मशीन विपरीत दिशा से आ रही थी. आरोप है कि चालक ने लोडर को तेज और लापरवाही से चलाते हुए सामने से जोरदार टक्कर मार दी.

हादसे में मंतोष कुमार खिरहर लोडर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गये और कुछ दूरी पर जा गिरे. उनके सीने, कमर और पैर में गंभीर चोटें आयीं. हादसे में उनका पुत्र अमितोष बाल-बाल बच गया.

आधे घंटे बाद अस्पताल पहुंचाया गया

घटना के बाद शोर सुनकर कोल साइडिंग में काम कर रहे अन्य कर्मी मौके पर पहुंचे और घायल पिता-पुत्र को उठाया. आवेदन में आरोप लगाया गया है कि करीब आधे घंटे बाद कंपनी की ओर से वाहन उपलब्ध कराया गया, जिसके बाद अचेत अवस्था में मंतोष कुमार खिरहर को फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल, दुमका ले जाया गया.

अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

बेटे ने की चालक पर कार्रवाई की मांग

मृतक के पुत्र अमितोष कुमार ने मुफस्सिल थाना प्रभारी को आवेदन देकर लोडर चालक और घटना के लिए जिम्मेदार अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.

अमितोष का कहना है कि उनके पिता की मौत लोडर चालक की कथित तेज और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुई.

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

मामले में मुफस्सिल थाना प्रभारी जगन्नाथ धान ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गयी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Anand Jayswal

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >