दुमका : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के दुमका इकाई के कार्यकर्ता सिदो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक समस्याओं तथा परीक्षा विभाग में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं में सुधार को लेकर भूख हड़ताल करेंगे. प्रेस कॉन्फ्रेंस में परिषद के विभाग संगठन मंत्री हिमांशु दूबे ने विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए छात्रहित में तत्काल सुधार की मांग की.
परीक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल
श्री दूबे ने कहा कि परीक्षा विभाग की कार्यप्रणाली के कारण विद्यार्थियों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. एडमिट कार्ड समय पर उपलब्ध नहीं होना, परीक्षा कार्यक्रम में अव्यवस्था तथा परीक्षा से संबंधित सूचनाओं में देरी जैसी समस्याएं लगातार सामने आ रही हैं.
शैक्षणिक व्यवस्था पर जतायी चिंता
उन्होंने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि एलएलबी की पढ़ाई शुरू नहीं हो पाने, लाइब्रेरी में पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने तथा जेनरल एवं ओबीसी छात्रावास की सुविधा के अभाव को बड़ा मुद्दा बताया.
पीएचडी नामांकन की जांच की मांग
उन्होंने कहा कि हाल में हुए पीएचडी नामांकन की भी पारदर्शी तरीके से जांच होनी चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना को समाप्त किया जा सके.
15 सितंबर से भूख हड़ताल
उन्होंने स्पष्ट किया कि इन समस्याओं एवं छात्रहित से जुड़ी मांगों को लेकर 15 सितंबर को सुबह 10 बजे से सिदो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय परिसर में भूख हड़ताल की जाएगी.
