प्रतिनिधि, जामा
जामा थाना क्षेत्र की लगला पंचायत स्थित सिरसानाथ मंदिर में मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर करीब एक लाख रुपये मूल्य के चांदी के आभूषण एवं पूजन सामग्री की चोरी कर ली. घटना की जानकारी बुधवार सुबह उस समय हुई, जब मंदिर के पुजारी देवदत्त पंडा प्रतिदिन की तरह पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे. पुजारी ने मंदिर के मुख्य द्वार का ताला टूटा देखा. अंदर जाकर जांच करने पर मंदिर में रखी कई कीमती पूजन सामग्री गायब मिली. चोर भगवान भोलेनाथ को भोग लगाने में उपयोग होने वाला चांदी का कटोरा, एक बड़ी चांदी की छतरी, दो छोटी चांदी की छतरियां, चांदी का नाग, चांदी का त्रिशूल समेत अन्य पूजन सामग्री अपने साथ ले गए. घटना की सूचना मिलते ही जामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी. मंदिर के पुजारी देवदत्त पंडा ने जामा थाना में लिखित आवेदन देकर चोरी की शिकायत दर्ज करायी है. सिरसानाथ मंदिर आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है. मंदिर में चोरी की घटना से श्रद्धालुओं में रोष और चिंता का माहौल है. थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि मंदिर में चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है. जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा.
