शिवमय हुआ बासुकिनाथ धाम : श्रावणी मेला के 27वें दिन 1.06 लाख कांवरियों ने चढ़ाया गंगाजल

श्रावणी मेला के 27वें दिन बासुकिनाथ धाम में आस्था का सैलाब उमड़ा. 1.06 लाख कांवरियों ने बाबा फौजदारीनाथ पर जलार्पण कर सुख-शांति की कामना की. जानें पूरी व्यवस्था.

बासुकिनाथ : श्रावणी मेला महोत्सव के 27वें दिन मंगलवार को बासुकिनाथ धाम श्रद्धा और भक्ति से सराबोर रहा. शिवगंगा घाट से लेकर बाबा फौजदारीनाथ के गर्भगृह तक कांवरियों की आस्था की अविरल धारा बहती रही. हर-हर महादेव, बोल बम और बाबा फौजदारीनाथ के जयघोष से पूरा मेला क्षेत्र शिवमय बना रहा. कठिन यात्रा और लंबी कतार की थकान के बावजूद कांवरियों में बाबा के दर्शन और जलार्पण को लेकर उत्साह बना रहा.

बासुकिनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ | Prabhat Khabar Network

भोर से उमड़ी कांवरियों की भीड़

मंदिर का पट पूर्वाह्न 2.05 बजे खोला गया, जबकि सुबह तीन बजे से श्रद्धालुओं ने बाबा फौजदारीनाथ के अरघा में गंगाजल अर्पित करना शुरू किया. भोर होते ही शिवगंगा घाट से मंदिर परिसर तक कांवरियों की भीड़ उमड़ पड़ी. श्रद्धालु स्नान के बाद कतारबद्ध होकर बाबा के दरबार की ओर बढ़ते रहे. उनकी कतार संस्कार मंडप, फलाहारी धर्मशाला और शिवगंगा पीड़ तक पहुंची रही.

बासुकिनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ | Prabhat Khabar Network

1.06 लाख कांवरियों ने किया जलार्पण

मंदिर प्रबंधन के अनुसार, 1,06,354 कांवरियों ने बाबा फौजदारीनाथ पर जलार्पण कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की. मंदिर परिसर में तैनात अधिकारी और सुरक्षाकर्मी लगातार कतार व्यवस्था की निगरानी करते रहे. एसडीपीओ नवल किशोर सिंह, मंदिर प्रभारी सह सीओ संजय कुमार, बीडीओ कुंदन भगत सहित अन्य अधिकारियों ने मेला क्षेत्र का जायजा लेकर श्रद्धालुओं को सुगमतापूर्वक जलार्पण कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की.

बासुकिनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़, गर्भगृह में प्रवेश करते श्रद्धालुओं की कतार | Prabhat Khabar Network

21,500 श्रद्धालुओं ने काउंटर से किया जलार्पण

जलार्पण की वैकल्पिक व्यवस्था के तहत करीब 21,500 श्रद्धालुओं ने जलार्पण काउंटर के माध्यम से बाबा की पूजा की. श्रद्धालु एलसीडी स्क्रीन पर भगवान भोलेनाथ के शिवलिंग का दर्शन करते हुए काउंटर पर गंगाजल अर्पित करते रहे. यहां से पाइपलाइन के माध्यम से गंगाजल सीधे बाबा फौजदारीनाथ के शिवलिंग तक पहुंचाया गया. इससे लंबी कतार में दूर खड़े श्रद्धालुओं को भी जलार्पण का अवसर मिला. कांवरियों को राहत देने के लिए रूटलाइन में इंद्रवर्षा की व्यवस्था भी की गयी.

शीघ्रदर्शनम से 7.98 लाख की आमदनी

शीघ्रदर्शनम व्यवस्था के तहत 1,597 टोकन की बिक्री हुई. 500 रुपये का रसीद लेकर श्रद्धालुओं ने शीघ्रदर्शनम गेट से मंदिर गर्भगृह में प्रवेश कर सुलभ जलार्पण किया. इससे मंदिर प्रबंधन को 7,98,500 रुपये की आमदनी हुई. श्रद्धालुओं को मंदिर सिंह द्वार से प्रवेश कराते हुए विशेष द्वार के माध्यम से गर्भगृह तक पहुंचाया गया.

मंदिर को 10.13 लाख रुपये की आय

मंदिर न्यास पर्षद को विभिन्न स्रोतों से कुल 10,13,945 रुपये की आमदनी प्राप्त हुई. मंदिर दानपेटी से 1,75,930 रुपये तथा गर्भगृह गोलक से 35,960 रुपये नगद और 333 ग्राम चांदी प्राप्त हुई. दानपेटी और गोलक से प्राप्त राशि की गिनती मंदिर संस्कार सह प्रशासनिक भवन में अधिकारियों की उपस्थिति में की गयी.

800 सीसीटीवी से मेले की निगरानी

श्रावणी मेला के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए बासुकिनाथ, दर्शनीयाटिकर और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर करीब 800 सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं. कैमरों के माध्यम से मेला क्षेत्र की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है. असामाजिक तत्वों पर निगरानी के साथ किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अधिकारी और सुरक्षा कर्मी 24 घंटे तैनात हैं.

शिवगंगा में एनडीआरएफ की तैनाती

बाबा फौजदारीनाथ पर जलार्पण से पहले बड़ी संख्या में श्रद्धालु शिवगंगा में स्नान करते हैं. श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए शिवगंगा में एनडीआरएफ की टीम तैनात की गयी है. मोटर बोट के साथ जवान लगातार निगरानी कर रहे हैं. सुरक्षा व्यवस्था के बीच श्रद्धालु निर्भय होकर शिवगंगा में स्नान कर बाबा के दरबार की ओर बढ़ते रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आदित्यनाथ पत्रलेख

आदित्यनाथ पत्रलेख वर्ष 2011 से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। उन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया, दोनों में दो दशकों से अधिक का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की बारीकियां सीखीं और राजनीतिक, सामाजिक तथा विकासात्मक मुद्दों पर सटीक एवं निष्पक्ष रिपोर्टिंग की। जनहित से जुड़े विषयों पर फोकस्ड रिपोर्टिंग और तथ्यों को सत्य एवं तटस्थता के साथ प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली की प्रमुख पहचान है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >