काठीकुंड : तेलियाचक बाजार पंचायत क्षेत्र में शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया. सुबह करीब 11 बजे अचानक एक मकान भरभराकर गिर पड़ा. घटना के वक्त गृहस्वामी रवि पाल मकान के अंदर मौजूद थे. इसी दौरान उन्हें दीवारों और मकान के अन्य हिस्सों से कड़कड़ाहट की आवाज सुनाई दी. खतरे का अंदेशा होते ही वह तुरंत घर से बाहर निकल गए. उनके बाहर निकलने के कुछ ही सेकेंड बाद मकान का बड़ा हिस्सा धराशायी हो गया.
कड़कड़ाहट की आवाज सुनते ही घर से निकले रवि पाल
जानकारी के मुताबिक, रवि पाल शनिवार की सुबह अपने घर में मौजूद थे. इसी दौरान उन्हें मकान के अंदर से असामान्य आवाज सुनाई दी. आवाज लगातार तेज होने पर उन्हें मकान के कमजोर होने का अंदेशा हुआ. बिना देर किए वह घर से बाहर निकल गए. उनके बाहर निकलते ही कुछ ही क्षण में मकान का बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा.
मकान गिरने से मची अफरा-तफरी, कोई हताहत नहीं
अचानक मकान गिरने की घटना से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. हालांकि राहत की बात रही कि हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. गृहस्वामी के समय रहते घर से बाहर निकल जाने के कारण बड़ा हादसा टल गया.
लगातार बारिश से मकान कमजोर होने की आशंका
स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में पिछले कई दिनों से लगातार बारिश हो रही है. बारिश के कारण मकान की दीवारों में नमी आने और संरचना कमजोर होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि मकान गिरने के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
मुखिया ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
घटना की जानकारी मिलने के बाद तेलियाचक बाजार पंचायत की मुखिया शांतिलता मुर्मू भी मौके पर पहुंचीं और क्षतिग्रस्त मकान का जायजा लिया.
