दुमका : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे एक माह तक विभिन्न जनसेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा. दुमका परिसदन में आयोजित प्रेस कान्फ्रेंस में श्री सोरेन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निरंतर जनसेवा के माध्यम से देश के करोड़ों नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है. उनके जन्मदिवस पर भाजपा कार्यकर्ता सेवा कार्यों के जरिए समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करेंगे.
एक माह तक होंगे सेवा कार्य
इस कड़ी में दुमका जिला इकाई द्वारा भी पूरे एक माह तक कई सेवा कार्य संपन्न होंगे. कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा करते हुए उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को दो प्रमुख कार्यक्रमों का आयोजन होगा.
शाम को जलाया जाएगा आशीर्वाद का दीया
पहला आशीर्वाद का दीया है, जिसके तहत भाजपा के बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता एवं समिति सदस्य संध्या 7 बजे अपने-अपने घरों के साथ-साथ समर्थकों के घरों में भी दीया जलाएंगे. इसके माध्यम से प्रधानमंत्री को देश की जनता की ओर से दीर्घायु जीवन और उत्तम स्वास्थ्य के लिए आशीर्वाद देने का संदेश पहुंचाया जाएगा.
रक्तदान शिविर का होगा आयोजन
वहीं इससे पहले उसी दिन सुबह अस्पतालों में रक्त की कमी को दूर करने और जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे, जहां कार्यकर्ता ''रक्तदान महादान'' के संकल्प को आगे बढ़ाएंगे.
प्रेसवार्ता में भाजपा नेता रहे मौजूद
इस प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल, जिला महामंत्री मृणाल मिश्रा, मनोज सिंह पहाड़िया और नगर अध्यक्ष संतोष कुमार साह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे.
