बैंक से निकाले रुपये पर नजर, दिनदहाड़े 3.80 लाख की लूट से दहशत

बेखौफ अपाचे बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने व्यवसायी के पिता से थैला सहित 3 लाख 80 हजार रुपये झपट लिए. पीड़ित नंदलाल भगत घायल हो गए.

हंसडीहा. हंसडीहा में शनिवार को दिनदहाड़े हुई झपटमारी की सनसनीखेज घटना ने एक बार फिर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. बेखौफ अपाचे बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने व्यवसायी के पिता से थैला सहित 3 लाख 80 हजार रुपये झपट लिए. घटना में पीड़ित नंदलाल भगत जमीन पर गिरकर घायल हो गए. दिन के उजाले में हुई इस वारदात के बाद बाजार क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल व्याप्त है. प्राप्त जानकारी के अनुसार विशाल इंटरप्राइजेज के मालिक राजेश भगत ने हंसडीहा स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा से 4 लाख 50 हजार रुपये की निकासी की थी. बैंक से रुपये निकालने के बाद वे अपनी दुकान पहुंचे, जहां 70 हजार रुपये अलग निकाल लिए गए. शेष 3 लाख 80 हजार रुपये उन्होंने अपने पिता नंदलाल भगत को घर ले जाने के लिए सौंप दिए. बताया जाता है कि नंदलाल भगत रुपये लेकर जैसे ही अपने घर पहुंचे और घर की चौखट पर एक पैर रखा ही था, तभी पहले से पीछा कर रहे अपाचे बाइक सवार दो अपराधियों में से एक बाइक से उतरा और अचानक झपट्टा मारते हुए रुपये से भरी थैली छीन ली. अचानक हुए इस हमले में नंदलाल भगत संतुलन खो बैठे और जमीन पर गिरकर घायल हो गए. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी तेज रफ्तार में बाइक से फरार हो गए. घटना इतनी तेजी से घटी कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही अपराधी आंखों से ओझल हो चुके थे. पीड़ित के गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुटे और परिजनों को सूचना दी गयी. घायल नंदलाल भगत को प्राथमिक उपचार के लिए ले जाया गया. सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक विशुनदेव पासवान, प्रभारी थाना प्रभारी जिम्मी हांसदा, अवर निरीक्षक दिलीप हांसदा तथा सहायक अवर निरीक्षक विनोद सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने पीड़ित व उनके परिजनों से पूछताछ की तथा आसपास मौजूद लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटायी. साथ ही बाजार क्षेत्र और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके. दिनदहाड़े हुई इस झपटमारी की घटना से स्थानीय व्यवसायियों और आम नागरिकों में भय व्याप्त है. व्यवसायियों ने बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्ती बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने की मांग की है. फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Binay kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >