प्रतिनिधि, हंसडीहा. हंसडीहा में एनएच-133 की बदहाल स्थिति अब राहगीरों और वाहन चालकों के लिए बड़ी परेशानी बनती जा रही है. सड़क पर महीनों से बने गड्ढे बारिश के बाद फिर जानलेवा हो गये हैं. सोमवार सुबह हल्की बारिश के बाद गड्ढों में पानी भर जाने से दो टोटो पलट गये. हादसे में टोटो पर सवार कई लोग दुर्घटना का शिकार हो गये.
मेला के लिए भरे गये गड्ढे, बारिश में फिर उखड़ी सड़क
श्रावणी मेला को देखते हुए एनएच-133 के गड्ढों को भरकर सड़क की अस्थायी मरम्मत करायी गयी थी. उस समय लोगों को उम्मीद थी कि सड़क की समस्या कुछ हद तक दूर हो जायेगी, लेकिन बारिश के बाद स्थिति फिर पहले जैसी हो गयी. जगह-जगह गड्ढे उभर आये हैं और उनमें पानी जमा होने से वाहन चालकों के लिए खतरा और बढ़ गया है.
गड्ढों में पानी, गहराई का अंदाजा नहीं; पलटे दो टोटो
सोमवार सुबह हुई हल्की बारिश के बाद सड़क के गड्ढों में पानी भर गया. इससे वाहन चालकों को गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग सका. इसी दौरान दो टोटो पलट गये. हादसे में कई यात्री दुर्घटना का शिकार हुए.
स्थानीय लोगों के मुताबिक बारिश के दिनों में एनएच-133 पर सफर करना बेहद जोखिम भरा हो गया है. सड़क की बदहाली के कारण यहां हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.
नाला अधूरा, सड़क पर जमा हो रहा बारिश का पानी
एनएच के किनारे नाला निर्माण भी लंबे समय से अधर में है. जानकारी के अनुसार नाला निर्माण के लिए निकाला गया टेंडर रद्द हो चुका है. अब दोबारा टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही नाला निर्माण शुरू हो सकेगा.
नाला नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर ही जमा हो जाता है. लगातार जलजमाव से सड़क की हालत और खराब होती जा रही है और गड्ढे भी तेजी से बढ़ रहे हैं.
लोगों ने तत्काल मरम्मत और नाला निर्माण की मांग
स्थानीय लोगों ने एनएच-133 की तत्काल मरम्मत कराने और नाला निर्माण की प्रक्रिया जल्द पूरी कर काम शुरू कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि सड़क से जलजमाव हटाना बेहद जरूरी है, तभी गड्ढों की समस्या पर भी प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकेगा. उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द कार्रवाई की मांग की है, ताकि सड़क पर होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके.
