संवाददाता, दुमका राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा नीट यूजी 2026 21 जून 2026 को आयोजित होगी. परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से डीसी अभिजीत सिन्हा द्वारा प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. बैठक में परीक्षा संचालन से जुड़े सभी महत्वपूर्ण पहलुओं की समीक्षा की गयी तथा अधिकारियों को उनके दायित्वों एवं जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया. इस अवसर पर डीसी ने परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की. बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा जारी दिशा निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाये तथा किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाये. डीसी ने कहा कि परीक्षा की पवित्रता, पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने निर्देश दिया कि किसी प्रकार की अनियमितता, कदाचार अथवा परीक्षा प्रक्रिया को प्रभावित करने के प्रयास के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति अपनायी जायेगी तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जायेगी. परीक्षा केंद्रों एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर बनाए रखने का निर्देश दिया गया. बैठक में स्टैटिक मजिस्ट्रेट, पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी एवं सुरक्षा बलों को उनकी भूमिकाओं एवं जिम्मेदारियों की जानकारी दी गयी. जिला नियंत्रण कक्ष, उड़नदस्ता दल एवं अन्य निगरानी तंत्र को सक्रिय रखते हुए परीक्षा के सफल संचालन की रणनीति पर चर्चा की गयी. अभ्यर्थियों को शांतिपूर्ण एवं अनुकूल परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की जिम्मेदारी बतायी गयी. उल्लेखनीय है कि नीट यूजी 2026 परीक्षा 21 जून 2026 को 2:00 बजे से 5:00 बजे तक जिले के दो परीक्षा केंद्र सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गर्ल्स तथा डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में आयोजित की जायेगी. बैठक में सहायक समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे.
नीट यूजी परीक्षा में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, निर्देशों का करें अक्षरश: पालन: डीसी
उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने नीट यूजी 2026 परीक्षा की शांति, निष्पक्षता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। परीक्षा केंद्रों पर सुविधाओं, सुरक्षा और निगरानी की जांच की गई। सभी संबंधित अधिकारियों को उनके दायित्वों से अवगत कराकर राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के दिशा निर्देशों का कड़ाई से पालन करने तथा किसी भी लापरवाही या अनियमितता पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। परीक्षा का सफल संचालन प्रशासन की प्राथमिकता बताई गई।
