स्टैंड फैन में करंट दौड़ने से हादसा, मरम्मत कर रहे युवक की मौके पर मौत

विश्वकर्मा पूजा के उत्सव के बीच रामगढ़ के सिमरा गांव में एक दुखद घटना हुई. बिजली के करंट की चपेट में आने से 30 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई. यह हादसा तब हुआ जब वह घर पर स्टैंड फैन की मरम्मत कर रहा था.

प्रतिनिधि, रामगढ़ : रामगढ़ थाना क्षेत्र के कांजो पंचायत के सिमरा गांव में विश्वकर्मा पूजा के दिन शाम में बिजली के करंट की चपेट में आकर एक व्यक्ति की मौत हो गई. मृतक की पहचान सिमरा निवासी जगरनाथ दास के 30 वर्षीय पुत्र कटकी दास के रूप में हुई है. असामयिक मौत की घटना के बाद पूरे गांव में विश्वकर्मा पूजा के उत्साह की जगह शोक की लहर फैल गई. मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. मृतक के परिजनों तथा पड़ोसियों के अनुसार, गुरुवार को विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर गांव में जगह-जगह पूजा-अर्चना के साथ डीजे पर बज रहा संगीत गूंज रहा था. शाम में कटकी दास अपने घर में अकेला था तथा अपने घर में स्टैंड फैन की मरम्मत कर रहा था. पंखे को बिजली के बोर्ड से कनेक्ट कर मरम्मत करने के दौरान अचानक पंखे में तेज करंट प्रवाहित हो गया. जिसकी चपेट में पंखे की मरम्मत कर रहा कटकी दास आ गया.

चीख की आवाज भी नहीं पहुंच सकी

करंट का झटका इतना जबरदस्त था कि कटकी मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा. जब तक आस-पास के लोगों को घटना का पता चला और वे लोग कटकी दास के घर पहुंचे तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. ग्रामीणों के अनुसार, विश्वकर्मा पूजा के कारण आस-पास तेज में बज रहे डीजे के कारण युवक के चीखने-चिल्लाने की आवाज लोगों तक नहीं पहुंच सकी. कुछ देर बाद जब लोगों को घटना की जानकारी हुई तो लोग मौके पर पहुंचे. युवक की मौत से उसकी पत्नी पबीता देवी सहित उसके परिजन सदमे में हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है. कटकी दास की पारिवारिक आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं थी. उसका परिवार भरण-पोषण के लिये कटकी दास पर ही निर्भर था. मृतक की मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >