प्रतिनिधि, जामा : जामा थाना क्षेत्र में चोरी की दो घटनाएं सामने आयी हैं. पहली घटना महारो चौक स्थित गौतम जायसवाल के पोल्ट्री फार्म की है, जहां रविवार की रात अज्ञात चोरों ने करीब 20 हजार रुपये मूल्य के मुर्गे चोरी कर लिये. वहीं, दूसरी घटना ढोरली पंचायत के कुशमाहा गांव की है, जहां बीते गुरुवार की रात एक घर से खाद्य सामग्री, चांदी के जेवरात और नकद रुपये समेत अन्य सामान चोरी कर लिये गये.
पोल्ट्री फार्म से मुर्गे चोरी
महारो चौक स्थित गौतम जायसवाल के पोल्ट्री फार्म में रविवार की रात अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोर फार्म से करीब 20 हजार रुपये मूल्य के मुर्गे चोरी कर ले गए. इसके अलावा फार्म में लगे बिजली लाइन के तार को भी काट दिया, जिससे विद्युत व्यवस्था बाधित हो गई.
थाने में दिया लिखित आवेदन
घटना की जानकारी मिलने के बाद पोल्ट्री फार्म संचालक गौतम जायसवाल ने जामा थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. गौतम जायसवाल की दुकान में पूर्व में भी चोरी की घटना हो चुकी है. लगातार चोरी की घटनाओं से व्यवसायी और आसपास के लोगों में चिंता है.
घर से जेवरात और नकदी चोरी
दूसरी घटना ढोरली पंचायत के कुशमाहा गांव की है, जो बीते गुरुवार रात की बतायी गयी है. अज्ञात चोर गृह स्वामी गौतम राउत के घर से चावल एवं अन्य खाद्य सामग्री के अलावा चांदी के जेवरात, चार हजार रुपये नकद और अन्य सामान लेकर फरार हो गए. घटना की सूचना जामा थाना को दी गयी है.
जांच में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि सूचना मिली है और मामले की जांच की जा रही है.
