प्रतिनिधि, काठीकुंड. काठीकुंड में लंबे समय से बदहाल और कच्ची पड़ी चांदनी चौक (सिदो-कान्हू चौक) से काठीकुंड बाजार तक की सड़क के निर्माण का काम आखिरकार शुरू हो गया है. जिला अन्नाबद्ध योजनांतर्गत स्वीकृत इस सड़क का निर्माण पीसीसी पथ के रूप में कराया जा रहा है.
सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय ग्रामीणों में खुशी है. लंबे समय से सड़क के पक्कीकरण की मांग कर रहे लोगों को अब आवागमन की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद जगी है.
24.62 लाख रुपये से होगा पार्ट-A का निर्माण
शिकारीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक आलोक सोरेन की अनुशंसा पर वर्ष 2025-26 के तहत सड़क निर्माण को स्वीकृति मिली थी. इसके बाद ग्रामीण कार्य प्रमंडल दुमका की ओर से योजना के लिए निविदा जारी की गयी.
योजना के तहत सड़क निर्माण के पार्ट-A के लिए 24 लाख 62 हजार 400 रुपये की प्राक्कलित राशि निर्धारित की गयी है. इसी के तहत फिलहाल सड़क के एक हिस्से में पीसीसी निर्माण का काम शुरू किया गया है.
रोज हजारों लोगों के आवागमन का रास्ता
चांदनी चौक से काठीकुंड बाजार तक जाने वाली यह सड़क काफी महत्वपूर्ण है. यह मार्ग काठीकुंड बाजार से डाकबंगला के पीछे होते हुए चांदनी चौक तक जाता है.
इस सड़क से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, विद्यार्थी और बाजार आने-जाने वाले लोग आवागमन करते हैं. इसी मार्ग से प्रखंड कार्यालय, प्लस टू उच्च विद्यालय, मिडिल स्कूल और डॉ. जेएम इंटर कॉलेज की ओर भी लोगों का आना-जाना होता है.
ऐसे में सड़क की बदहाल स्थिति का सीधा असर विद्यार्थियों, ग्रामीणों और बाजार आने वाले लोगों पर पड़ रहा था.
कोयला वाहनों के कारण सड़क की हालत हुई खराब
स्थानीय लोगों के अनुसार कोयला वाहनों के लगातार आवागमन के कारण सड़क लंबे समय से खराब स्थिति में थी. कच्ची और गड्ढों वाली सड़क पर बारिश के दिनों में स्थिति और खराब हो जाती थी.
बारिश के दौरान कीचड़ और जलजमाव के कारण इस रास्ते से गुजरना लोगों के लिए मुश्किल हो जाता था. सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने के बाद से ही ग्रामीण इसके पक्कीकरण का इंतजार कर रहे थे.
अब निर्माण कार्य शुरू होने से लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है.
पार्ट-B की प्रक्रिया भी जारी
बताया गया कि वर्तमान में स्वीकृत पार्ट-A के तहत सड़क के एक हिस्से का निर्माण कराया जा रहा है. सड़क के शेष हिस्से के लिए पार्ट-B की प्रक्रिया भी विभागीय स्तर पर चल रही है.
पार्ट-B का काम पूरा होने के बाद चांदनी चौक से काठीकुंड बाजार तक पूरे मार्ग के पीसीसी होने की उम्मीद है.
सड़क बनने से आसान होगा आवागमन
सड़क निर्माण पूरा होने के बाद प्रखंड मुख्यालय, शैक्षणिक संस्थानों और काठीकुंड बाजार तक ग्रामीणों की आवाजाही आसान होगी. इससे विद्यार्थियों और रोजाना बाजार या सरकारी कार्यालय आने-जाने वाले लोगों को भी राहत मिलेगी.
बेहतर सड़क संपर्क होने से क्षेत्र की स्थानीय गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है. लंबे समय से सड़क की बदहाली झेल रहे ग्रामीण अब निर्माण कार्य जल्द पूरा होने का इंतजार कर रहे हैं.
