दुमका से अभिषेक कुमार की रिपोर्ट
Dumka News: झारखंड के दुमका जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र अंतर्गत फिटकोरिया गांव में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. यहां महिला के प्रेम में फंसकर एक युवक ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल फैल गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
बरगद के पेड़ से मिला शव
स्थानीय पुलिस को गांव के पास स्थित एक बरगद के पेड़ से युवक का शव लटका हुआ मिला. मृतक की पहचान फिटकोरिया निवासी जितेन हेंब्रम के रूप में की गई है. शव मिलने के बाद गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए.
दो दिन पहले परिवार को रिश्ते के बारे में बताया
मृतक की बहन झूमा हेंब्रम के अनुसार जितेन का गांव की ही एक महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. बताया गया कि दो दिन पहले उसने अपने परिवार को इस रिश्ते के बारे में बताया था और उस महिला से शादी करने की इच्छा जताई थी. हालांकि परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था.
परिवार का विरोध और शर्त
परिजनों ने इस संबंध का कड़ा विरोध किया था. परिवार ने स्पष्ट कहा था कि यदि जितेन उसी महिला के साथ रहना चाहता है, तो उसे गांव में अलग घर बनाकर रहना होगा. इस बात को लेकर घर में तनाव की स्थिति बनी हुई थी और युवक मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा था.
दोपहर में घर से निकला था युवक
सोमवार को लगभग तीन बजे जितेन ताड़ी काटने के बहाने घर से निकला था. इसके बाद वह देर शाम तक वापस नहीं लौटा. परिजनों को चिंता होने लगी और उसकी तलाश शुरू की गई. बाद में ग्रामीणों ने खेत में स्थित ग्राम प्रधान के बरगद के पेड़ पर उसका शव लटका देखा.
गांव में मचा कोहराम
घटना की जानकारी फैलते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई. परिजन मौके पर पहुंचे तो शव देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया. ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया. यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर काठीकुंड थाना के सब-इंस्पेक्टर विवेक विल्सन और केदारनाथ पुरती पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें: बर्थ डे पार्टी में केक और पिज्जा में नशीला पदार्थ खिला कर छात्रा से दुष्कर्म, केस दर्ज
आवेदन का इंतजार, जांच जारी
फिलहाल मृतक के परिजनों की ओर से थाने में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी संभावित कोणों से की जा रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या थे. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी.
इसे भी पढ़ें: धनबाद की बरोरा बस्ती में अवैध कोयला खनन के खिलाफ ग्रामीणों ने खोला मोर्चा, पिलर काटकर माइनिंग
