प्रतिनिधि, बासुकिनाथ : भाद्रपद शुक्ल द्वितीया तिथि उपरांत तृतीया के अवसर पर रविवार को झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति संजय प्रसाद बाबा बासुकिनाथ की पावन नगरी पहुंचे. उन्होंने बाबा फौजदारीनाथ के मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना और अभिषेक कर झारखंड सहित पूरे देश की सुख-शांति और खुशहाली की कामना की. मंदिर पहुंचने पर पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उनका विधि-विधान से पूजन कराया.
षोडशोपचार विधि से हुई पूजा
मंदिर के पुरोहित कुंदन पत्रलेख सहित पांच वैदिक पंडितों ने न्यायमूर्ति संजय प्रसाद को षोडशोपचार विधि से बाबा फौजदारीनाथ की पूजा करायी. मंदिर प्रांगण में स्वस्ति वाचन के साथ संकल्प कराया गया.
पंचामृत से कराया बाबा का स्नान
पुरोहितों ने दूध, दही, घी, गुड़, भांग, ईख के रस एवं गंगाजल सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों से बाबा का पंचामृत स्नान कराया. पूजन के दौरान मंदिर प्रांगण में स्थित दस महाविद्या देवियों की भी विधिवत पूजा-अर्चना की गयी.
माता पार्वती समेत अन्य मंदिरों में भी पूजा
बाबा फौजदारीनाथ के पूजन के उपरांत पुरोहितों ने न्यायमूर्ति को माता पार्वती, काली माता एवं पीतांबरा भगवती राजराजेश्वरी माता बगलामुखी के मंदिर में भी विशेष पूजा-अर्चना करायी.
अधिकारी रहे मौजूद
मौके पर जिला जज सुधांशु कुमार शशी, एसडीजेएम मोहित चौधरी, एसडीओ कौशल कुमार, एसडीपीओ नवल किशोर सिंह, सीओ संजय कुमार, इंस्पेक्टर दयानंद साह सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे.
