रानीश्वर. रानीश्वर की सीओ शादां नुसरत ने शुक्रवार को बिलकांदी पंचायत के प्राथमिक विद्यालय जामजुड़ी, आंगनबाड़ी केंद्र तथा प्राथमिक स्वास्थ्य उपकेंद्र का औचक निरीक्षण किया. सीओ शांदा नुसरत ने बताया कि स्वास्थ्य उपकेंद्र में सीएचओ व एएनएम उपस्थित पाये गये. वहां सबकुछ ठीक-ठाक पाया गया. पर, पास के ही प्राथमिक विद्यालय व आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान गड़बड़ी उजागर हुई. प्राथमिक विद्यालय में प्रतिनियुक्त पारा शिक्षक रामजीवन टुडू अनुपस्थित पाए गए. पारा शिक्षक एक आवेदन रख कर स्कूल से नदारद थे. उनसे फोन पर संपर्क करने पर बताया गया कि सिउड़ी गये हैं. सीओ ने बताया कि स्कूल में 32 बच्चे उपस्थित पाये गये. पर बच्चों को मध्याह्न भोजन में परोसने के लिए मात्र 16 अंडा बाॅयल किया गया था. वहां संयोजिका द्वारा बताया गया कि अंडे की कीमत बढ़ जाने से यह स्थिति है. सीओ शादां नुसरत ने संयोजिका से कहा कि जो भी समस्याएं है, इससे विभाग के अधिकारियों को अवगत कराना चाहिए तथा मध्याह्न भोजन की मासिक समीक्षा बैठक में भी इसे रखना चाहिए. इस परिसर में आंगनबाड़ी केंद्र की स्थिति और खराब पायी गयी. आंगनबाड़ी केंद्र पर 30 बच्चे दिखाये गये हैं, पर केंद्र पर मात्र 3 बच्चे उपस्थित पाये गये. मार्च महीने में सात तारीख हो गया फिर भी रजिस्टर में सेविका द्वारा बच्चों की नियमित उपस्थिति दर्ज नहीं की गयी है. जबकि पिछले महीने सभी बच्चों की उपस्थिति दिखायी गयी है. सीओ शादां नुसरत ने बताया कि उपायुक्त के निर्देश पर जामजुड़ी स्कूल, स्वास्थ्य उपकेंद्र व आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया गया. स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्र की स्थिति सही नहीं पायी गयी. इसके अलावा बांसकुली पंचायत के मुरजोड़ा-1 आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
