हूल दिवस पर दुमका में शहीदों को श्रद्धांजलि, बसंत सोरेन और सीता सोरेन समेत कई लोगों ने किया माल्यार्पण

Hul Diwas Dumka : दुमका में हूल दिवस पर सिदो-कान्हू और फूलो-झानो की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई. बसंत सोरेन, सीता सोरेन, उपायुक्त, एसपी और एसडीओ समेत कई लोगों ने शहीदों को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया.

दुमका से ‎आनंद जायसवाल की रिपोर्ट 

Hul Diwas Dumka : ‎हूल दिवस के अवसर पर मंगलवार को दुमका के पोखरा चौक स्थित अमर वीर शहीद सिदो-कान्हू एवं वीरांगना फूलो-झानो की प्रतिमाओं पर विभिन्न जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए. दुमका विधायक और झामुमो नेता बसंत सोरेन ने सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया. इस दौरान बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे. विधायक ने कहा कि सिदो-कान्हू ने समाज और जल, जंगल, जमीन की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी. उन्हें याद करना और उनके बताए मार्ग पर चलना हम सभी का कर्तव्य है. उन्होंने कहा कि सिदो-कान्हू ने समाज के विकास का जो सपना देखा था, उसे राज्य सरकार पूरा करने के लिए लगातार काम कर रही है और उनके सपनों को निश्चित रूप से साकार किया जाएगा.

सीता सोरेन ने सिदो-कान्हू को किया नमन 

‎वहीं भाजपा नेत्री सीता सोरेन ने भी सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए. उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान झारखंड सरकार का विकास से कोई सरोकार नहीं है. सरकार जनता के विकास की बजाय अपने एजेंडे को आगे बढ़ाने में लगी हुई है.

उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने सिदो-कान्हू और फूलो-झानो को किया नमन 

‎इधर उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने भी सिदो-कान्हू और वीरांगना फूलो-झानो की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने कहा कि हूल दिवस हमारे इतिहास का गौरवशाली अध्याय है. इन महान स्वतंत्रता सेनानियों का संघर्ष आज भी अन्याय के विरुद्ध खड़े होने और समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है. उन्होंने कहा कि उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज में एकता, सद्भाव और विकास की भावना को और सुदृढ़ करना चाहिए. हूल दिवस नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ने और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर है.

एसपी और एसडीओ ने हूल दिवस पर शहीदों को दी श्रद्धांजलि 

‎इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार और अनुमंडल पदाधिकारी कौशल कुमार ने भी सिदो-कान्हू और फूलो-झानो की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. विभिन्न संगठनों और लोगों ने भी हूल दिवस पर वीर शहीदों को नमन कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया.

यह भी पढ़ें: तारा शाहदेव मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे रकीबुल को राहत नहीं, हाईकोर्ट में जमानत याचिका खारिज

यह भी पढ़ें: ऑनर किलिंग मामले में भाई को आजीवन कारावास, साक्ष्य छिपाने के दोषी पिता को तीन साल की सजा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Priya gupta

प्रिया गुप्ता पिछले एक वर्ष से प्रभात खबर में जूनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. फिलहाल वह झारखंड से जुड़ी खबरों पर काम करती हैं, जिनमें सरकारी योजनाएं, प्रमुख घटनाएं, सामाजिक मुद्दे और अन्य महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं. इससे पहले वह लाइफस्टाइल डेस्क पर फैशन, हेल्थ, रिलेशनशिप, पैरेंटिंग और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर लेख लिख चुकी हैं. प्रिया ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से स्नातक और अमिटी यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री हासिल की है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >