रानीश्वर. थाना क्षेत्र के एकतला गांव में रविवार की देर रात उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब बारिश के बीच हाईटेंशन बिजली का तार टूटकर सीधे रेजाउल खान के घर के आंगन में जा गिरा. तार गिरते ही आंगन में आग जलने लगी. गनीमत रही कि घटना रात के समय हुई और परिवार के लोग समय रहते सुरक्षित रहे, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
तार गिरते ही आंगन में होने लगी स्पार्किंग, मची भगदड़
हाईटेंशन तार के टूटकर आंगन में गिरने के बाद वहां आग जलने लगी. बिजली का तार जमीन पर गिरा होने के कारण आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई. ग्रामीणों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना दी, जिसके बाद बिजली लाइन काटी गई. लाइन बंद होने के बाद आग पर काबू पाया गया.
घर से सटा है ट्रांसफार्मर, पहले भी हटाने की मांग
रेजाउल खान ने बताया कि जिस स्थान पर बिजली का तार टूटकर गिरा, उसके ठीक पास ही घर से सटा हुआ बिजली ट्रांसफार्मर लगा है. उनका कहना है कि ट्रांसफार्मर को घर के पास से हटाने के लिए बिजली विभाग से कई बार अनुरोध किया गया, लेकिन अब तक इसे हटाया नहीं गया है.
ट्रांसफार्मर के आसपास झाड़ी-जंगल से भी बढ़ा खतरा
ग्रामीणों के अनुसार, ट्रांसफार्मर के आसपास झाड़ी और जंगल उग आए हैं, जिसकी नियमित सफाई भी नहीं की गई है. बताया जा रहा है कि रविवार रात बारिश के दौरान बिजली का तार झाड़ियों के संपर्क में आने से स्पार्किंग हुई होगी. इसी वजह से तार में आग लगने के बाद वह टूटकर घर के आंगन में गिर गया.
बिजली विभाग की लापरवाही पर उठ रहे सवाल
हाईटेंशन तार का घर के आंगन में गिरना और आग लगना इलाके में बिजली व्यवस्था की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करता है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते ट्रांसफार्मर के आसपास की झाड़ियों की सफाई और घर के समीप लगे ट्रांसफार्मर को हटाने की मांग पर ध्यान दिया जाता, तो ऐसी घटना को टाला जा सकता था.
बड़ा हादसा टला, लेकिन खतरा बरकरार
रेजाउल खान ने कहा कि घटना रात में होने के कारण संयोग से कोई व्यक्ति तार की चपेट में नहीं आया. बिजली लाइन कटने के बाद स्थिति सामान्य हुई. हालांकि, घर के बिल्कुल समीप हाईटेंशन लाइन और ट्रांसफार्मर होने से परिवार के साथ-साथ आसपास के लोगों में भी भविष्य को लेकर चिंता बनी हुई है.
