प्रतिनिधि, हंसडीहा : कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर हंसडीहा स्थित नव निर्मित ठाकुरबाड़ी में भव्य तैयारी की जा रही है. ठाकुरबाड़ी के निर्माण के बाद पहली बार यहां कृष्ण जन्मोत्सव का आयोजन किया जा रहा है. इसे लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है.
भजन-कीर्तन के साथ होगा मटका फोड़ कार्यक्रम
ठाकुरबाड़ी समिति के सदस्यों ने बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर भजन-कीर्तन, झूलन और भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. शनिवार दोपहर बाद मटका फोड़ कार्यक्रम भी होगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है.
जर्जर सड़क से श्रद्धालुओं को होगी परेशानी
इधर, ठाकुरबाड़ी समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने मंदिर तक पहुंचने वाली जर्जर सड़क की स्थिति पर नाराजगी जतायी है. लोगों का कहना है कि धार्मिक आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु ठाकुरबाड़ी पहुंचेंगे, लेकिन गड्ढों और जलजमाव के कारण आवागमन में परेशानी हो रही है.
सड़क और नाला निर्माण की मांग
स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रशासन के स्तर से अब तक सड़क और नाला निर्माण को लेकर ठोस पहल नहीं की गयी है. लोगों ने प्रशासन से जल्द सड़क एवं नाला निर्माण कराने की मांग की है, ताकि जन्माष्टमी के दौरान ठाकुरबाड़ी पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
