लोन के साथ सिलाई मशीन और फ्रिज का झांसा देकर करोड़ों की कथित ठगी! महिलाओं का फूटा गुस्सा, दो घंटे सड़क जाम

उत्तम माइक्रो फाइनेंस एसोसिएशन पर सिलाई मशीन और फ्रिज देने का झांसा देकर लोन के नाम पर हजारों महिलाओं से करोड़ों की ठगी का आरोप लगा है. अपनी जमा राशि वापस पाने की मांग को लेकर महिलाओं ने हंसडीहा-भागलपुर मुख्य मार्ग पर दो घंटे तक जाम लगाया.

प्रतिनिधि, हंसडीहा : लोन के साथ सिलाई मशीन और फ्रिज देने का झांसा देकर हंसडीहा और सरैयाहाट क्षेत्र की हजारों महिलाओं से करोड़ों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है. शुक्रवार को बड़ी संख्या में महिलाएं उत्तम माइक्रो फाइनेंस एसोसिएशन के हंसडीहा और सरैयाहाट स्थित कार्यालय पहुंचीं. महिलाओं के पहुंचते ही कार्यालय में मौजूद अधिकांश कर्मी वहां से निकल गए.

कर्मी को पकड़कर जमा राशि लौटाने की मांग

हंसडीहा कार्यालय में मौजूद कर्मी आलोक साह को महिलाओं और ग्रामीणों ने पकड़ लिया तथा जमा राशि वापस करने की मांग करने लगे. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद आलोक साह को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराया और थाना ले गई.

थाने के सामने दो घंटे सड़क जाम

इसके बाद आक्रोशित महिलाओं ने जमा राशि वापस कराने की मांग को लेकर हंसडीहा थाना के सामने हंसडीहा-भागलपुर मुख्य मार्ग को करीब दो घंटे तक जाम कर दिया. जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. भीषण गर्मी में जाम में फंसे यात्रियों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा. कई यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में विलंब हुआ.

लोन और सामान देने का दिया था भरोसा

महिलाओं का आरोप है कि संस्था की ओर से लोन उपलब्ध कराने के साथ सिलाई मशीन और फ्रिज देने का भरोसा देकर उनसे रुपये जमा कराए गए थे. काफी समय बीत जाने के बाद भी न तो उन्हें लोन मिला और न ही सिलाई मशीन व फ्रिज उपलब्ध कराया गया. इसके बाद महिलाएं कार्यालय पहुंचीं और अपनी जमा राशि वापस करने की मांग करने लगीं.

समझाने के बाद समाप्त हुआ जाम

जाम की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं को समझाने का प्रयास किया. पुलिस ने महिलाओं से लिखित शिकायत देने को कहा, ताकि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके. थाना प्रभारी अजीत कुमार यादव के समझाने-बुझाने के बाद महिलाएं जाम समाप्त करने के लिए राजी हुईं. करीब दो घंटे बाद जाम हटाया गया और यातायात सामान्य हुआ.

आवेदन मिलते ही होगी कार्रवाई

थाना प्रभारी अजीत कुमार यादव ने बताया कि महिलाओं की ओर से अभी तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलते ही मामले की जांच कर विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अनिल कुमार चौधरी

वर्ष 2004 अप्रैल से दैनिक अखबार हिंदुस्तान से पत्रकारिता शुरू की. इसके बाद वर्ष 2013 के अक्टूबर माह से दैनिक अखबार प्रभात खबर में पत्रकारिता को लेकर योगदान किया. अपने थाना क्षेत्र से घटना, दुर्घटना, जन समस्याओं, प्रशासनिक कार्यक्रमों के अलावा अन्य विषयों से जुड़ी खबरों को प्रमुखता ईमानदारी से रखा. जिससे आम लोगों को लाभ मिल सके.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >