हंसडीहा-- हंसडीहा-दुमका मुख्य मार्ग पर डाक बंगला के समीप मंगलवार देर शाम अज्ञात बाइक सवार ने एक बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया. हादसे में हंसडीहा निवासी करीब 80 वर्षीय शिवपूजन जायसवाल गंभीर रूप से घायल हो गये.
पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, देवघर किया गया रेफर
घटना की सूचना मिलते ही हंसडीहा थाना के सहायक अवर निरीक्षक राजेंद्र राम मौके पर पहुंचे और घायल बुजुर्ग को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सरैयाहाट पहुंचाया. पुलिस ने घटना की जानकारी उनके परिजनों को दी. सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंचे.
बुजुर्ग की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर कर दिया. परिजन उन्हें देवघर लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज शुरू किया गया.
देवघर में इलाज के दौरान बुधवार तड़के शिवपूजन जायसवाल की मौत हो गयी. परिजनों के अनुसार, हादसे के बाद से ही बुजुर्ग को होश नहीं आया था. पोस्टमार्टम देवघर में किये जाने के बाद शव को हंसडीहा लाया जायेगा.
बाइक सवार की पहचान में जुटी पुलिस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अज्ञात बाइक सवार बुजुर्ग को टक्कर मारने के बाद बाइक लेकर मौके से फरार हो गया. घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस बाइक सवार की पहचान करने के साथ ही हादसे के कारणों का भी पता लगाने में जुटी है.
