भोलेनाथ की निकली बारात, देवी-देवता व भूत-प्रेत हुए शामिल

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर उपराजधानी दुमका में शिवभक्तों का उत्साह चरम पर रहा. पूरे दिन भक्तगण बाबा भोलेनाथ और माता पार्वती की पूजा-अर्चना, जलाभिषेक और रुद्राभिषेक में मग्न रहे.

महाशिवरात्रि पर उपराजधानी दुमका में भक्तिमय हुआ माहौल प्रभात खबर टोली, दुमका महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर उपराजधानी दुमका में शिवभक्तों का उत्साह चरम पर रहा. पूरे दिन भक्तगण बाबा भोलेनाथ और माता पार्वती की पूजा-अर्चना, जलाभिषेक और रुद्राभिषेक में मग्न रहे. शहर के तमाम शिवालयों में आस्था की लहर उमड़ पड़ी, जहां श्रद्धालु सुबह से लेकर देर शाम तक पूजा-पाठ में तल्लीन रहे. शिवपहाड़ मंदिर में इस वर्ष भी भक्तों को कतारबद्ध तरीके से दर्शन और पूजा का अवसर मिला. बड़ा बांध ठाकुरबाड़ी मंदिर में भी दोपहर बाद तक श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं. शाम होते ही शिवभक्तों ने धूमधाम से भोलेनाथ की बारात निकाली. शहरवासियों ने बैंड-बाजों और ताशों के साथ इस पावन बारात में शामिल होकर भक्ति का अनूठा संगम पेश किया. शिव बारात में देवी-देवताओं और भूत-प्रेतों की झांकियां आकर्षण का केंद्र बनीं. दुमका के धर्मस्थान, शिवपहाड़, बड़ा बांध ठाकुरबाड़ी, दीनानाथ मंदिर डंगालपाड़ा, गिलानेश्वर मंदिर गिलानपाड़ा, आशुतोष मंदिर कानूपाड़ा, गोपाल मंदिर रसिकपुर सहित विभिन्न शिवालयों से रातभर शिव बारातें निकाली गईं. हर जगह भक्तगण भक्ति गीतों पर झूमते-गाते नजर आये. रामगढ़ में शिवालयों में उमड़ी भक्तों की भीड़ रामगढ़ प्रखंड के विभिन्न शिव मंदिरों में भी महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया. सुबह से ही स्वप्ना नाथ महादेव मंदिर, सारमी नाथ, तिलेश्वर नाथ, कुशेश्वर नाथ, नर्मदेश्वर महादेव, भांगनाथ महादेव, बटेश्वर नाथ महादेव, मड़प्पा नाथ महादेव मंदिर समेत अन्य शिवालयों में जलाभिषेक के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी. ग्रामीण क्षेत्रों में भी भक्तगण श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना करने पहुंचे. रामगढ़ और सरैयाहाट प्रखंड के सरस स्थित दीनानाथ महादेव मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन हुआ. शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए पुरुषों की अपेक्षा महिलाओं की संख्या अधिक देखी गयी. रात्रि में परंपरागत रूप से सभी शिवालयों से भव्य शिव बारात निकाली गयी, जिसमें श्रद्धालु भगवान शिव और माता पार्वती के विवाहोत्सव के साक्षी बने. विभिन्न स्थानों पर भंडारे का आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया. शिव बारात में भगवान शिव के गणों की आकर्षक झांकियां भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहीं. जामा और रानीश्वर में शिव की निकली बारात जामा प्रखंड के सिरसानाथ शिव मंदिर, चुटोनाथ, बिचकोड़ा, चिकनिया और सैजाकोड़ा स्थित मंदिरों में देर रात शिव बारात निकाली गई. श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धा भाव से इस पावन आयोजन में भाग लिया. शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जामा थाना पुलिस और थाना प्रभारी अजित कुमार स्वयं तैनात रहे. रानीश्वर के रानीश्वरनाथ शिव मंदिर सहित विभिन्न शिवालयों में भी भक्तों का सैलाब उमड़ा. मंदिर प्रांगण में श्रद्धालु कतार में लगे रहे और बाहर तक लंबी कतारें नजर आईं. तरणी, सादीपुर, पाटजोड़, आसनबनी, प्रतापपुर, कदमा और रानीश्वर थाना परिसर स्थित शिव मंदिरों में भी भक्तों ने दर्शन कर जलाभिषेक किया. त्रिलोकीनाथ मंदिर में भक्तों का सैलाब शिकारीपाड़ा स्थित त्रिलोकीनाथ शिव मंदिर में महाशिवरात्रि पर विशेष भक्ति भाव देखने को मिला. पंचवाहिनी क्षेत्र के काठीकुंड, गोपीकांदर, अमड़ापाड़ा और पाकुड़िया से श्रद्धालु जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे. साफा होड़ समाज के श्रद्धालुओं ने भी विशेष पूजा-अर्चना कर भगवान शिव से आशीर्वाद प्राप्त किया. मोहुलपहाड़ी, बरमसिया, गमरा, राजबांध, पर्वतपुर, सरसाजोल, कजलादहा, मलूटी सहित अन्य शिव मंदिरों में भी महाशिवरात्रि का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. महाशिवरात्रि के इस पावन पर्व पर पूरा क्षेत्र भक्ति के रंग में रंगा नजर आया. भक्तगण हर-हर महादेव के जयघोष के साथ भगवान शिव की आराधना में लीन रहे, जिससे पूरा वातावरण शिवमय हो उठा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >