15 जून को होगी आंदोलनकारियों की बड़ी बैठक, सीएम से मिलेंगे प्रतिनिधि, सरैयाहाट प्रखंड मुख्यालय परिसर में रविवार को झारखंड आंदोलनकारियों की बैठक जिलाध्यक्ष बाबूराम मुर्मू की अध्यक्षता में आयोजित की गयी. इसमें संगठन को मजबूत बनाने, आंदोलनकारियों को सम्मान राशि दिलाने तथा अन्य अधिकारों को लेकर चर्चा की गयी. बाबूराम मुर्मू ने कहा कि झारखंड राज्य का गठन आंदोलनकारियों के लंबे संघर्ष और बलिदान का परिणाम है. अलग राज्य आंदोलन में कई लोग शहीद हुए. अनेक आंदोलनकारियों को जेल जाना पड़ा. उन्होंने बताया कि वर्ष 2012 में आंदोलनकारियों की पहचान के लिए आयोग का गठन किया गया था. वर्तमान में केवल जेल जानेवाले आंदोलनकारियों को ही मासिक सम्मान राशि दी जा रही है, जबकि आंदोलन में सक्रिय अन्य लोग इससे वंचित हैं. बैठक में सभी चिह्नित आंदोलनकारियों को सम्मान राशि, उनके आश्रितों को तृतीय व चतुर्थ श्रेणी की सरकारी नौकरी, पेंशन, स्वास्थ्य सुविधा तथा अन्य सरकारी लाभ उपलब्ध कराने की मांग की गयी. निर्णय लिया गया कि 15 जून को जिला मुख्यालय में बड़ी बैठक आयोजित कर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को मांग-पत्र सौंपा जायेगा. मांगें पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी गयी. बैठक में झारखंड आंदोलनकारी प्रखंड कमेटी का गठन भी किया गया. नंदलाल हांसदा को अध्यक्ष, कुमोद यादव व सुरेश कुमार शर्मा को उपाध्यक्ष तथा विष्णु भंडारी को सचिव बनाया गया.
आंदोलनकारियों ने सम्मान राशि व अन्य सुविधाओं की मांग उठायी
खंड मुख्यालय परिसर में रविवार को झारखंड आंदोलनकारियों की बैठक जिलाध्यक्ष बाबूराम मुर्मू की अध्यक्षता में आयोजित की गयी.
