बासुकिनाथ: राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव की दूसरी सोमवारी के अवसर पर उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने सोमवार को बासुकिनाथ पहुंचकर मेला क्षेत्र में विधि-व्यवस्था, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया. उन्होंने मेला क्षेत्र के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण कर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
डीसी ने कंट्रोल रूम में सीसीटीवी से मेला क्षेत्र की निगरानी रखा
उपायुक्त ने कंट्रोल रूम पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भीड़ एवं गतिविधियों की निगरानी की. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भीड़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए और किसी भी स्थान पर श्रद्धालुओं का अनावश्यक जमावड़ा नहीं होने दिया जाए.
उन्होंने भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगमतापूर्वक बाबा बासुकिनाथ का जलार्पण कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा.उन्होंने सभी प्रवेश बिंदुओं पर तैनात अधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को मंदिर परिसर में प्रवेश करने वाले श्रद्धालुओं की जांच एवं सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने का निर्देश दिया. साथ ही कहा कि कोई भी श्रद्धालु बड़ी या भारी सामग्री लेकर मंदिर परिसर में प्रवेश न करे.
सुरक्षा व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी गई.मेला क्षेत्र के महत्वपूर्ण स्थलों पर तैनात दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने कर्तव्य स्थल पर पूरी सतर्कता के साथ मौजूद रहने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया.
स्वास्थ्य शिविरों का निरीक्षण किया, आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तुरंत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराएं
उपायुक्त ने विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों का भी निरीक्षण किया.उन्होंने चिकित्सकीय एवं स्वास्थ्य टीम से उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और दूसरी सोमवारी पर संभावित भीड़ को देखते हुए स्वास्थ्य कर्मियों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया. आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखने को कहा.निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं से संवाद कर व्यवस्थाओं का अनुभव भी जाना.
श्रद्धालुओं ने मेला क्षेत्र में की गई व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि जलार्पण के लिए उन्हें अधिक देर तक कतार में नहीं रहना पड़ा. श्रद्धालुओं ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों के सहयोगात्मक व्यवहार की भी सराहना की. उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र की व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करते रहें.
उन्होंने कहा कि बासुकिनाथ आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्चप्राथमिकता है. सभी पदाधिकारी एवं कर्मी आपसी समन्वय के साथ पूरी तत्परता और संवेदनशीलता से अपने दायित्वों का निर्वहन करें.
