हंसडीहा: भागलपुर के उत्तरवाहिनी गंगा घाट से जल लेकर बाबा बासुकीनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए डाकबम के रूप में जा रही एक युवती रविवार रात हंसडीहा के समीप अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी. मौके पर मौजूद बोलबम सेवा में जुटे श्रद्धालुओं ने तत्काल युवती को प्रशासनिक टेंट सिटी स्थित चिकित्सा शिविर पहुंचाया.
चिकित्सा शिविर में चिकित्सकों ने युवती का उपचार शुरू किया. काफी देर तक उपचार और देखभाल के बाद युवती को होश आया. उसकी पहचान करिश्मा पुजहर, ग्राम रघुवाडीह, थाना तालझारी, सहारा के रूप में हुई. श्रावणी मेले में डाकबमों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन की ओर से हंसडीहा क्षेत्र में चिकित्सा एवं सेवा व्यवस्था को सक्रिय रखा गया है.
इस दौरान सरैयाहाट के बीडीओ सह अंचलाधिकारी राहुल कुमार शानू और हंसडीहा थाना प्रभारी अजीत कुमार यादव रातभर व्यवस्थाओं की निगरानी में जुटे रहे. जानकारी के अनुसार, सुबह तक करीब 1200 डाकबम हंसडीहा से होकर बाबा बासुकीनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए गुजर चुके थे. प्रशासन और पुलिस की टीम श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी कर रही है.
