रानीश्वर. प्रखंड की धानभाषा पंचायत अंतर्गत चापुड़िया पहाड़िया टोला में प्रभात खबर में समाचार प्रकाशित होने के बाद पीएम जनमन आवास निर्माण में हलचल दिखने लगी है. करीब छह माह से अधूरा पड़े आवास निर्माण को दोबारा शुरू कराया गया है. हालांकि स्वीकृत चार आवासों में से फिलहाल केवल दो आवासों का निर्माण कार्य ही शुरू हो पाया है. जानकारी के अनुसार पहाड़िया समुदाय के चार लाभुकों के नाम पर पीएम जनमन आवास स्वीकृत हुआ था. लाभुकों ने बताया कि पहली किस्त के रूप में 30 हजार रुपये तथा दूसरी किस्त के रूप में 50 हजार रुपये की राशि निकाली गयी थी. आरोप है कि एक युवक ने लाभुकों की राशि और बैंक पासबुक अपने कब्जे में रख ली थी तथा केवल डैंपप्रूफ ढलाई कर निर्माण अधूरा छोड़ दिया था. इस मामले को लेकर प्रभात खबर ने चार जून के अंक में प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया था. इसके बाद लाभुक पार्वती सिंह और सरस्वती सिंह के आवास का कार्य पुनः शुरू कराया गया है. वर्तमान में मिस्त्री निर्माण कार्य में जुटे हैं. ग्रामीणों ने बताया कि दुर्गापूजा के समय निर्माण शुरू हुआ था, लेकिन बीच में बंद हो जाने से लाभुकों को परेशानी उठानी पड़ी. ग्रामीणों ने शेष दो आवासों का निर्माण भी जल्द शुरू कराने तथा मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है.
चापुड़िया पहाड़िया टोला में पीएम जनमन आवास निर्माण शुरू
प्रभात खबर की पहल का असर, छह माह बाद दो आवासों का कार्य शुरू
