बासुकिनाथ : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड में दर्ज एफआईआर के विरोध में बुधवार को जरमुंडी प्रखंड में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया. प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर विरोध जताया. प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की.
एफआईआर को बताया राजनीतिक प्रतिशोध
प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष सत्यनारायण यादव ने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करना राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई है. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए सरकारी तंत्र का इस्तेमाल कर रही है. कांग्रेस ऐसी कार्रवाई के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी.
मंच के कथित शुद्धीकरण का उठाया मुद्दा
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के मंच के कथित शुद्धीकरण की घटना ने लोकतांत्रिक और सामाजिक मूल्यों को ठेस पहुंचायी थी. राहुल गांधी ने इस मामले पर भाजपा की कथित मानसिकता के खिलाफ आवाज उठायी थी. कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि राहुल गांधी की मुखरता के कारण उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करायी गयी.
संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की बात
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि राहुल गांधी संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और आम लोगों के अधिकारों के लिए लगातार आवाज उठा रहे हैं. पार्टी किसी भी प्रकार की दमनकारी राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी. कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष सड़क से सदन तक जारी रहेगा.
ये कार्यकर्ता रहे मौजूद
पुतला दहन कार्यक्रम में जिला महासचिव महादेव यादव, प्रखंड उपाध्यक्ष प्रकाश यादव, महासचिव विजय मसात, कन्हाई रजक, उमेश यादव, इम्तियाज अंसारी, मंडल अध्यक्ष अजय कुमार बैध, पंचायत अध्यक्ष जयकिशोर साह, कामेश्वर मंडल, संतोष यादव, राजेश शर्मा, राजू साह, सकील मियां, दिनेश भंडारी, विकास यादव, सुबोध मिश्रा, पिंकु पंडा, निजामुद्दीन अंसारी, इरफान अंसारी सहित अन्य मौजूद थे.
