सिंदुरिया-धरमपुर में दो पक्षों में हुई मारपीट के मामले में भाजपा कार्यकर्ता गिरफ्तार

सिंदुरिया-धरमपुर गांव में रविवार की सुबह दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के मामले में रामगढ़ थाना की पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त राजीव कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है.

रामगढ़. थाना क्षेत्र के सिंदुरिया-धरमपुर गांव में रविवार की सुबह दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के मामले में रामगढ़ थाना की पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त राजीव कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है. कांड संख्या 22/2025 के मुख्य अभियुक्त राजीव कुमार गुप्ता की गिरफ्तारी थाना प्रभारी मनीष कुमार द्वारा की गयी है. गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को बुधवार को जेल भेज दिया गया है. विगत रविवार की रात रामगढ़ थाना में दोनों पक्षों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी. कांड संख्या 22/2025 के तहत पीड़िता चंपा देवी पति रवींद्र कुमार साह के बयान पर दर्ज प्राथमिकी में राजीव कुमार गुप्ता, संजीव कुमार गुप्ता, राजकुमारी देवी, उनके पति कन्हाई प्रसाद साह तथा राजीव कुमार गुप्ता की पत्नी रूपा देवी एवं संजीव कुमार गुप्ता की पत्नी राजनंदिनी देवी को आरोपी बनाया गया है. पीड़िता ने सभी नामजद आरोपियों के विरुद्ध मारपीट, छेड़खानी, जेवर छीनने, डायन कहकर प्रताड़ित करने, लाठी- डंडे, लोहे की छड़, तलवार आदि से जान से मारने का प्रयास करने, गाली- गलौज करने आदि का आरोप लगाया था. वहीं दूसरी प्राथमिकी रामगढ़ थाना कांड संख्या 23/2025 के तहत राजकुमारी देवी पति कन्हाई प्रसाद साह द्वारा दर्ज करायी गयी थी. इसमें राम प्रकाश साह पिता-सीताराम साह, मीरा देवी पति राम प्रकाश साह, उनके बेटे रवींद्र कुमार साह, विनय कुमार साह, मनमोहन साह, चंपा देवी पति रवींद्र कुमार साह, शिल्पी देवी पति विनय कुमार साह तथा पूजा देवी पति मनमोहन साह को आरोपी बनाया गया था. सभी आरोपियों पर डायन कहकर मारपीट करने, बलात्कार का प्रयास करने, कपड़े फाड़ने सोने की चेन छीनने जैसे आरोप लगाए गए हैं.

क्या है मामला :

रविवार की सुबह रामगढ़ थाना क्षेत्र के सिंदुरिया-धरमपुर में घर से गंदे पानी की निकासी के लिए बनी नाली में लगे पाइप की सफाई के क्रम में दोनों पक्षों में बुरी तरह से मारपीट हो गयी थी. मारपीट में राजीव कुमार गुप्ता द्वारा महिलाओं को लाठी-डंडे से बुरी तरह से पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था. वायरल वीडियो में राजीव कुमार गुप्ता डंडे से महिला को बुरी तरह पीटते हुए दिख रहे हैं. पिटाई की वजह से महिला के गिरने के बाद भी वह महिला पर डंडे से प्रहार करते देखे जा रहे हैं. राजीव कुमार गुप्ता भाजपा के कार्यकर्ता बताए जाते हैं. वी डियो के वायरल होने के बाद से ही समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी की मांग लगातार उठ रही थी. मारपीट की घटना में पड़ोसियों के बीच-बचाव के बाद दोनों पक्ष रामगढ़ थाना पहुंचे थे. जहां से पुलिस ने घायलों को प्राथमिक चिकित्सा के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामगढ़ में भर्ती कराया था. प्राथमिक चिकित्सा के बाद घायलों को बेहतर चिकित्सा के लिए फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल दुमका भेज दिया गया था.

क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी :

रविवार को हुई मारपीट की घटना के एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है. शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है. जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ़्तार कर लिया जाएगा.

– मनीष कुमार, थाना प्रभारी, रामगढ़.B

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >