मसलिया: मसलिया थाना क्षेत्र में बाइक चोरी की घटनाये थमने का नाम नहीं ले रही हैं. दलाही हटिया से एक बार फिर मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला सामने आया है. घटना 16 अगस्त की शाम की बतायी जा रही है. लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं से क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोर गिरोह के फिर सक्रिय होने की चर्चा है.
सब्जी खरीदने गये, लौटे तो गायब थी बाइक
वाहन मालिक सुबल प्रसाद यादव ने मसलिया थाना में आवेदन देकर बाइक बरामद करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. आवेदन के अनुसार, वह 16 अगस्त की शाम करीब पांच बजे मोटरसाइकिल संख्या जेएच 04 एन 0931 को दलाही हटिया के समीप एक घर के बाहर खड़ा कर सब्जी खरीदने गये थे.
सब्जी खरीदने के बाद जब वह वापस लौटे तो मौके से मोटरसाइकिल गायब थी. इसके बाद उन्होंने आसपास के इलाके और गांव में काफी खोजबीन की, लेकिन बाइक का कोई सुराग नहीं मिला.
करीब 50 हजार रुपये बतायी जा रही कीमत
वाहन मालिक के अनुसार, चोरी हुई मोटरसाइकिल की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये है. उन्होंने थाना प्रभारी से मामले की जांच कर चोरी गयी बाइक बरामद करने और घटना में शामिल अज्ञात चोरों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.
लगातार चोरी से लोगों में बढ़ी चिंता
मसलिया थाना क्षेत्र में लगातार बाइक चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ने लगी है. लोगों ने पुलिस से बाजार और सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी बढ़ाने के साथ बाइक चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है.
