जामा : जामा प्रखंड अंतर्गत बारा पंचायत भवन में बुधवार को दो दिवसीय पंचायत स्तरीय फसल सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया. प्रशिक्षण में करीब 30 किसानों ने भाग लिया. कार्यक्रम के दौरान किसानों को धान की फसल को विभिन्न कीट एवं रोगों से बचाने के उपायों की जानकारी दी गयी.
कीट-रोग की पहचान की जानकारी
प्रशिक्षण में पौधा संरक्षण विभाग के भोलानाथ मंडल ने किसानों को वर्तमान समय में धान की फसल में लगने वाले विभिन्न कीट एवं रोगों के बारे में विस्तार से बताया. उन्होंने किसानों को कीट एवं रोगों की पहचान, उनके प्रकोप से फसल को होने वाले नुकसान तथा समय रहते रोकथाम के उपायों की जानकारी दी.
साथ ही फसल में आवश्यकता के अनुसार उचित कीटनाशक के इस्तेमाल और उसके प्रयोग की विधि के बारे में भी बताया.
कृषि योजनाओं की दी जानकारी
वहीं, प्रखंड कृषि पदाधिकारी गौरव कुमार ने कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी किसानों को दी. उन्होंने योजनाओं के लिए पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं मिलने वाले लाभ के बारे में बताया तथा किसानों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की.
फसल की निगरानी पर जोर
प्रशिक्षण के दौरान किसानों को फसल की नियमित निगरानी करने तथा कीट एवं रोग के शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर तत्काल आवश्यक उपाय करने की सलाह दी गयी.
मौके पर बीटीएम समरेन्द्र सिन्हा, किसान मित्र सुशील कुमार यादव, निरंजन दे सहित अन्य उपस्थित थे.
