सुमिता पुजहरिन को दिया दो लाख का चेक
करंट लगने से हो गयी थी पति की मौत
दुमका : रानीश्वर प्रखंड के वृंदाबनी पंचायत के बुधुडीह गांव की सुमिता पुजहरिन ने बुधवार को दुमका परिसदन में कल्याण मंत्री डॉ लोइस मरांडी के जनता दरबार में पहुंची और मुआवजे के भुगतान की फरियाद लगायी. सुमिता के पति मानिक सिंह की मौत करंट लग जाने से हो गयी थी. मानिक के साथ चार अन्य लोगों ने इस हादसे में अपनी जान गंवायी थी. उन सभी को चेक के जरिये भुगतान हो गया था, पर अलग इलाके में रहने की वजह से मुआवजे की यह राशि उसे नहीं मिल सकी थी. सहायक अभियंता ने दुमका परिसदन पहुंचकर सुमिता पुजहरिन को यह चेक मंत्री के हाथों प्रदान कराया. मंत्री डॉ लोइस ने बताया कि जनता दरबार में उनसे मिलने 67 लोग पहुंचे.
अनुदान की मांग : वीणा पाणि नेत्रहीन सेवा सदन की ओर से रागेश्वरी दास ने भी कल्याण मंत्री से मुलाकात की तथा संस्था को विभागीय स्तर पर अनुदान नहीं मिलने की शिकायत की. उन्होंने कहा कि इस नेत्रहीन विद्यालय को अनुदान नहीं मिलने से उन्हें काफी परेशानी हो रही है.
छात्रवृत्ति का बैकलॉग होगा खत्म
डॉ लोइस ने कहा कि अनुपूरक बजट में कल्याण विभाग को अतिरिक्त 100 करोड़ रुपये मिले हैं. इस राशि से उन बच्चों को छात्रवृति उपलब्ध करायी जायेगी, जो अब तक उसका लाभ पाने से वंचित रह गये हैं. उन्होंने कहा कि व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है. उसके सकारात्मक परिणाम भी दिखने लगे हैं.
दुमका पर सीएम की विशेष नजर
मंत्री ने कहा कि सीएम रघुवर दास का संताल परगना प्रमंडल खासकर दुमका पर विशेष फोकस है. इस क्षेत्र के लिए वे काफी चिंता भी करते हैं. मंत्री ने कहा कि दुमका के सदर अस्पताल को पीपीपी मोड पर चलाने के लिए हैदराबाद की संस्था से बात हुई है. सेवा के भाव से संस्था इस अस्पताल को संचालित करेगी, तो उनका स्वागत किया जायेगा और बिजेनस के दृष्टिकोण से आयेंगे, तो अस्पताल चलाने का काम उन्हें नहीं सौंपा जायेगा.
