आपदा प्रबंधन की ओर से अंचल कार्यालय को राशि दी गयी
रानीश्वर : रानीश्वर प्रखंड के किसानों में छह करोड़ का सुखाड़ राहत की राशि बंटेगी. आपदा प्रबंधन की ओर से अंचल कार्यालय को यह राशि उपलब्ध करा दी गयी है. जानकारी के अनुसार मार्च महीने में ही अंचल कार्यालय को आपदा प्रबंधन की ओर से सुखाड़ राहत के लिए छह करोड़ एक लाख 15700 रुपये उपलब्ध हो चुका है. मिली जानकारी के अनुसार किसानों द्वारा सुखाड़ राहत के लिए किये गये आवेदनों की जांच समय पर नहीं हो पाने के कारण किसानों के बीच राहत की राशि वितरण करने में विलंब हुई है. मिली जानकारी के अनुसार सुखाड़ राहत के लिए करीब साड़े पांच हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं.
आवेदन पत्रों की जांच चल रही है. आवेदन पत्रों की जांच राजस्व कर्मचारियों द्वारा समय पर नहीं किये जाने के कारण किसानों को राहत की राशि उपलब्ध नहीं हो सका है. किसानों का कहना है कि तत्कालीन अंचलाधिकारी प्रभाष चंद्र दास किसानों को राहत की राशि उपलब्ध कराने में पहल करने पर किसानों को कई महीना पहले ही राहत की राशि उपलब्ध हो पाता. संबंध में बीडीओ सह सीओ कौशल कुमार ने बताया कि किसानों द्वारा सुखाड़ राहत के लिए किये गये आवेदन पत्रों की जांच चल रही है. आवेदन पत्रों की जांच होने पर उसकी ग्रामसभा करायी जायेगी. ग्रामसभा में पारित होने के बाद पंचायत समिति की बैठक में पारित कर जिला भेजा जायेगा. जिला स्तर से स्वीकृति मिलने के बाद किसानों के बीच सुखाड़ राहत की राशि वितरण किया जायेगा.
