दुमका : कल्याण विभाग द्वारा संचालित आवासीय विद्यालयों में घंटी आधारित शिक्षकों के चयन के लिए आयोजित कौशल परीक्षा के पहले दिन बुधवार को 762 अभ्यर्थियों में से 444 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 318 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे. परीक्षा को लेकर केंद्रों पर सुरक्षा एवं व्यवस्था के इंतजाम किये गये थे. उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान, प्रशिक्षु आईएएस अवनीश कुमार सिंह एवं जिला कल्याण पदाधिकारी गौतम कुमार मोदी ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया.
कल्याण विभाग के आवासीय विद्यालयों में घंटी आधारित शिक्षकों के कुल 83 पदों पर नियुक्ति के लिए जुलाई में आवेदन लिये गये थे. जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त कार्यालय की ओर से विज्ञापन संख्या 1062 के तहत 3 जुलाई 2026 को विज्ञापन जारी किया गया था. निर्धारित अवधि में अभ्यर्थियों से आवेदन लिये जाने के बाद चयन प्रक्रिया के तहत अब कौशल परीक्षा आयोजित की जा रही है.
जेआईटीईटी, सीटीईटी और कौशल परीक्षा का रहेगा वेटेज
चयन में जेआईटीईटी को 35 प्रतिशत, सीटीईटी को 25 प्रतिशत तथा कौशल परीक्षा को 40 प्रतिशत वेटेज दिया जायेगा. इसी आधार पर अभ्यर्थियों की मेधा सूची तैयार की जायेगी.
पहले दिन इन विषयों की हुई परीक्षा
बुधवार को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, दुमका में विभिन्न विषयों के अभ्यर्थियों की कौशल परीक्षा ली गयी. अलग-अलग पालियों में विज्ञान (टीजीटी), अंग्रेजी (टीजीटी), गणित (टीजीटी), हिंदी (टीजीटी), जीव विज्ञान (टीजीटी), गणित (पीजीटी), शारीरिक शिक्षक, संस्कृत (टीजीटी), भौतिकी (पीजीटी), रसायन विज्ञान (पीजीटी) एवं संगीत शिक्षक के लिए परीक्षा आयोजित की गयी.
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश से पहले पहचान पत्र की जांच की गयी. अभ्यर्थियों को निर्धारित परीक्षा समय से पूर्व केंद्र पर पहुंचने का निर्देश दिया गया था.
3 सितंबर को प्राथमिक और सामाजिक विज्ञान की परीक्षा
कौशल परीक्षा के दूसरे दिन 3 सितंबर को प्राथमिक शिक्षक एवं सामाजिक विज्ञान (टीजीटी) के अभ्यर्थियों की परीक्षा होगी. प्राथमिक शिक्षक की परीक्षा दोपहर 3.30 से 4.30 बजे तक तथा सामाजिक विज्ञान (टीजीटी) की परीक्षा शाम 5 से 6 बजे तक आयोजित की जायेगी. इसके लिए पीएम श्री नेशनल उच्च विद्यालय, दुमका एवं राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, दुमका को परीक्षा केंद्र बनाया गया है.
83 पदों पर होनी है नियुक्ति
घंटी आधारित शिक्षकों के 83 पदों में प्राथमिक शिक्षक के 42, सामाजिक विज्ञान के 9, विज्ञान के 5, संस्कृत के 5, हिंदी के 4, अंग्रेजी के 3 और गणित के 2 पद शामिल हैं. इसके अलावा संगीत एवं शारीरिक शिक्षक समेत भौतिकी, जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान एवं गणित (पीजीटी) के पद भी शामिल हैं.
