सरैयाहाट में 65 करोड़ की सड़क का श्रीगणेश, 17 किमी का सफर होगा आसान

सरैयाहाट में 65 करोड़ की लागत से 17 किलोमीटर लंबी पीडब्ल्यूडी सड़क का शिलान्यास किया गया है. स्थानीय विधायक प्रदीप यादव ने नारियल फोड़कर इस विकास कार्य की शुरुआत की. यह सड़क क्षेत्र के विकास को नई दिशा देगी.

सरैयाहाट : कोठिया से गादीझोपा तक बनने वाली पीडब्ल्यूडी सड़क का शिलान्यास स्थानीय विधायक प्रदीप यादव ने नारियल फोड़कर किया. करीब 17 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर लगभग 65 करोड़ रुपये खर्च होंगे. विभाग ने निर्माण कार्य को डेढ़ वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है.

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय विधायक प्रदीप यादव एवं अन्य. | Prabhat Khabar Network

21 मौजा में होगा भूमि अधिग्रहण

सड़क निर्माण के लिए 21 मौजा में भूमि अधिग्रहण किया जाना है. वहीं, मार्ग में पड़ने वाले चापाकलों को भी आवश्यकतानुसार स्थानांतरित किया जायेगा.

गुणवत्ता और समय पर जोर

शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि सड़क का निर्माण गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से होना चाहिए. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विभागीय अभियंताओं की निगरानी में निर्माण कार्य कराया जाये, ताकि सड़क मजबूत और टिकाऊ बन सके. उन्होंने निर्माण कार्य में स्थानीय मजदूरों को प्राथमिकता देने की भी बात कही.

सभा में उपस्थित ग्रामीण | Prabhat Khabar Network

विकास को बताया लगातार चलने वाली प्रक्रिया

विधायक ने कहा कि क्षेत्र का विकास एक दिन में संभव नहीं है. यह लगातार चलने वाली प्रक्रिया है. उन्होंने कहा कि एक समय इस क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का काफी अभाव था. बच्चों को मैट्रिक की पढ़ाई के लिए सरैयाहाट जाना पड़ता था. अब गांवों में ही विद्यालय की सुविधा उपलब्ध करायी गयी है. समय के साथ विकास के मानक भी बदले हैं और लोगों की जरूरतों के अनुसार योजनाएं लागू की जा रही हैं.

पेंशन और छात्रवृत्ति का मुद्दा उठाया

उन्होंने क्षेत्र में विकास के बावजूद कुछ समस्याएं अब भी बने रहने की बात कही. विधायक ने कहा कि कई गांवों में पिछले छह महीने से वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिली है. उन्होंने छात्रों को पिछले दो वर्षों से छात्रवृत्ति नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया.

मताधिकार की ताकत बतायी

विधायक ने लोकतंत्र में मताधिकार की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि जनता के वोट की ताकत ही जनप्रतिनिधियों को जवाबदेह बनाती है. उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि देश में लोगों को धर्म के नाम पर बांटने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि आम जनता की समस्याओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है.

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में अशोक यादव, सुबोध यादव, देवलाल बेसरा, दीपक यादव, मुर्तजा अंसारी, भोला यादव, प्रदीप मंडल, शंभू हजरा, रवि मंडल, अभियंता नित्यानंद शाह, उमेश यादव, अजय यादव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चंद्रकांत कुमार

पिछले 14 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में प्रखंड स्तर पर सक्रिय हूं, जहां मैंने जमीनी मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का कार्य किया है. ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सरोकार से जुड़ी खबरों को निष्पक्ष और तथ्यपरक ढंग से प्रस्तुत करना मेरी प्राथमिकता रही है. पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और जनहित की आवाज बनने का निरंतर प्रयास है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >