दुमका : शहर के न्यू बाबुपाड़ा मुहल्ला में बंद घर में सोमवार की रात हुई भीषण चोरी के मामले में गृहस्वामी अशोक कुमार गुप्ता के बयान पर नगर थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ भादवि की धारा 457 व 380 के तहत मामला दर्ज किया गया है. गृहस्वामी अशोक कुमार गुप्ता द्वारा दर्ज प्राथमिकी के अनुसार वे 22 फरवरी को अपनी मां और पत्नी के आंखों का इलाज कराने कोलकाता गये थे. वहां से 26 फरवरी को घर लौटे तो देखा कि बाहर के दरबाजे का ताला जैसे लगाकर गये थे वैसे ही लगा था.
ताला खोलकर अंदर गये तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा पाया. कमरे के अंदर जाकर देखा कि सारा सामान बिखरा हुआ था. दो कमरों का अलमीरा और दीवान को तोड़कर चोर करीब साढ़े सात लाख रुपये और आभूषण ले गये थे. हालांकि चोरी के 24 घंटा बीत जाने के बाद भी पुलिस प्रशासन को अबतक कोई सफलता नहीं मिली है. बीते कुछ दिनों में शहर में चोरी की घटना में इजाफा हुआ है, बाइक चोरी की घटना आम हो गयी है वही चोर बंद घरों पर टारगेट कर लाखों उड़ा रहे है.
परंतु पुलिस द्वारा किसी भी घटना में अबतक कोई ठोस सुराग नहीं जुटा पायी है. इसी माह 10 फरवरी को शहर के रसिकपुर मुहल्ला में स्वास्थ्य विभाग के निदेशक डॉ जेपी सिंह के घर चोरों ने ताला तोड़ कर सामनों के साथ-साथ करीब 25 हजार रुपये की चोरी की थी. नगर थाना क्षेत्र के डंगालपाड़ा मुहल्ला में उषाम खान के घर में चोरों ने नकद व जमीन संबंधित कागजात को उड़ा लिया था. इन मामलों में भी प्रशासन असफल रही है.
