दुमका/बासुकिनाथ : देवघर-दुमका मुख्य मार्ग पर तालझारी थाना क्षेत्र के जरदाहा के पास रविवार की सुबह करीब छह बजे सड़क दुर्घटना में सात अभ्यर्थियों व सूमो चालक की मौत हो गयी. सभी अभ्यर्थी जेएसएससी की ओर से आयोजित इंटरस्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता की परीक्षा देने दुमका से सूमो गाड़ी से देवघर जा रहे थे.
बताया जाता है कि जरदाहा गांव के पास गवर्नमेंट मिनी टूल्स रूम के समीप ही सूमो विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से टकरा गयी. इसमें घटनास्थल पर ही चालक समेत सात लोगों की मौत हो गयी. जबकि गंभीर रूप से दो घायलों को जरमुंडी स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक इलाज के बाद सदर अस्पताल दुमका रेफर कर दिया गया. इलाज के दौरान सदर अस्पताल में एक ने दम तोड़ दिया. वहीं सत्यप्रकाश गुप्ता को इलाज के लिए दुर्गापुर के अस्पताल में
भर्ती कराया गया. उसकी स्थिति चिंताजनक है.सूमो के परखच्चे उड़े : हादसे में सूमो के परखच्चे उड़ गये. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सूमो तेजी से देवघर की ओर जा रही थी. इसी क्रम में काजू पहाड़ के पास घुमावदार मोड़ पर चालक ने नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रहे ट्रक से सूमो टकरा गयी. ट्रक करीब सौ मीटर तक सूमो को घसीटते हुए ले गया. इसके बाद ट्रक चालक व खलासी भाग गये.
फंसे हुए थे शव, जेसीबी से खींच कर निकाला : मृतकों के शव सूमो में इस कदर फंसा था कि उसे बाहर निकालना कठिन था. इसके बाद जेसीबी की मदद से गाड़ी के अगले हिस्से को खींच कर निकाला गया. उसके बाद शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जरमुंडी भेजा गया.
दोपहर में हुआ शवों का पोस्टमार्टम
रविवार को दोपहर एक बजे के करीब सभी आठ शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया. हादसे की जानकारी मिलने पर जरमुंडी विधायक बादल, महेशपुर विधायक प्रो स्टीफन मरांडी व शिकारीपाड़ा विधायक नलिन सोरेन भी अस्पताल पहुंचे
सूमो चालक की भी मौत
मरनेवालों में सभी दुमका के
सौरभ कुमार दत्ता व उसकी पत्नी
सुष्मिता बैरा दत्ता (न्यूबाबुपाड़ा दुमका)
पुरुषोतम मांझी (डंगालपाड़ा)
संतोष गुप्ता उर्फ ललन (रसिकपुर)
स्वास्ति कुमार (सोनवाडंगाल)
नवीन गोरांय (रसिकपुर)
देवेंद्र गुप्ता (रसिकपुर मुनिबाबा कुटिया)
अंबिका प्रसाद उर्फ पिंकू तुरी (रसिकडीह, नागडीह)
