सड़क हादसे में जीजा-साला की मौत

विरोध में जाम. देवघर-गोड्डा मार्ग पर कोठिया के समीप स्कॉर्पियो व बाइक में टक्कर सरैयाहाट : एनएच 133 के देवघर-गोड्डा मार्ग पर कोठिया के समीप स्कॉर्पियो व मोटरसाइकिल के आमने-सामने सीधी भिड़ंत में दो व्यक्ति की मौत हो गयी. दोनों रिश्ते में सगे जीजा-साला थे. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गये […]

विरोध में जाम. देवघर-गोड्डा मार्ग पर कोठिया के समीप स्कॉर्पियो व बाइक में टक्कर

सरैयाहाट : एनएच 133 के देवघर-गोड्डा मार्ग पर कोठिया के समीप स्कॉर्पियो व मोटरसाइकिल के आमने-सामने सीधी भिड़ंत में दो व्यक्ति की मौत हो गयी. दोनों रिश्ते में सगे जीजा-साला थे. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गये थे. आगे चक्का टूट कर बिखर गया था. मिली जानकारी के मुताबिक, ककनी गांव के फूलचंद पोद्दार (20) व बेरमो बाजार के राजीव पोद्दार (26) सरैयाहाट स्थित एक बैंक से पैसे की निकासी कर वापस आ रहे थे. इसी दौरान कोठिया-माथाकेशो के समीप एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो ने मोटरसाइकिल सवार को धक्का मार दिया. जिससे घटनास्थल पर ही दोनों लोगो की मौत हो गयी.
स्कार्पियो चालक की इसमें लापरवाही बतायी जा रही है. जिसने गलत छोर पर गाड़ी चलाते हुए दाई तरफ जाकर इन दोनों को चपेट में ले लिया. दोनों इस तरह से रगड़ा गये थे कि पॉकेट में रखे रुपये भी फट गये थे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर थाना लाकर पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिया है. जेसीबी के सहयोग से बाईक व स्कॉर्पियो वाहन को उठवाया जा सका और जब्त कर थाना ले आया गया.
दो सप्ताह पहले ही हुई थी मां की मौत
फूलचंद पोद्दार की मां का 15 दिन पहले ही देहांत हुआ था. जिसका श्राद्ध कर्म भी रविवार को ही समाप्त हुआ था. इसी श्राद्ध कर्म में गोड्डा जिला के मेहरमा थाना के अंतर्गत बेरमो गांव से फूलचंद के बहनोई राजीव पोद्दार अपनी ससुराल ककनी आये थे. मां की मौत से परिवार अभी सदमे से उबरा भी नहीं था कि बेटे और दामाद की जान चले जाने से पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया है. फूलचन्द एकदम सरल एव मिलनसार स्वभाव का था. चार भाई बहनों में सबसे छोटा था. उसकी शादी भी तय हो गयी थी.
बीडीओ मुकेश मछुवा ने मौके पर पहुंच कर सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया और तत्काल 15 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध करायी. उन्होंने बताया कि प्रावधान के तहत दोनो मृतक के आश्रित को 20-20 हजार रुपये का मुआवजा दिया जायेगा. घटना स्थल पर सरैयाहाट एवं हंसडीहा थाना पुलिस मौजूद थी.
आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
सड़क दुर्घटना से आक्रोशित ग्रामीणों एवं परिजनों ने कुछ देर के लिए घटना स्थल और फिर सरैयाहाट थाना के पास सड़क जाम कर दिया था. जिसे पुलिस व स्थानीय लोगों के समझाये-बुझाये जाने पर जाम को हटा दिया गया. जेवीएम के कार्यकर्ता सुबोध यादव, समाजसेवी मुन्ना साह ने जाम हटवाने व पीड़ित परिवार से वार्ता कर प्रशासन का सहयोग किया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >