कार्यक्रम . दिन भर मसानजोर में रही चहल पहल
दुमका : पर्यटन पर्व ’देखो अपना देश’ कार्यक्रम अंतर्गत मसानजोर के नव निर्मित टूरिस्ट काॅम्प्लेक्स भवन में सुबह सवेरे से ही विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन देर रात्रि तक किया गया. सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन से पूरा मसानजोर गूंज उठा. समाज कल्याण मंत्री डाॅ लोइस मरांडी व उपायुक्त मुकेश कुमार द्वारा सभी विजयी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया. समाज कल्याण मंत्री डॉ लोइस मरांडी ने कहा कि दुमका जिला की एक अलग पहचान है. दुमका जिला की खूबसूरती की कल्पना करना मुश्किल है.
हमें गर्व होना चाहिए कि हम दुमका के हैं. मसानजोर में आयोजन के लिए उन्होंने बधाई दी और कहा कि प्रशासन की मेहनत का ही परिणाम है कि पूरे राज्य में आज इसकी चर्चा हो रही है. उन्होंने कहा कि दुमका जिला की बराबरी कोई नहीं कर सकता. देश प्रगति की ओर बढ़ रहा है दुमका को भी आगे बढ़ाने में सभी का योगदान महत्वपूर्ण है.
उन्होंने कहा कि विकास की कल्पना आम जनों के सहयोग के बिना नहीं किया जा सकता. उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा मिलता है.यह आयोजन दुमका के लिये एक नया प्रयोग है. इस तरह के आयोजन में बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित किये जाने से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ा है.उपायुक्त मुकेश कुमार ने कहा कि मसानजोर में पर्यटन पर्व के अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार की इच्छा शक्ति को दर्शता है. दुमका का आकर्षण यहां का पर्यटन केंद्र ही है. बहुत कम ही जगह ही ऐसे होते हैं जहां इतनी सारी खूबसूरती इकट्ठे देखने को मिलती है. मसानजोर का टूरिस्ट स्पॉट सबसे अनोखा टूरिस्ट स्पॉट होगा. इसके लिए कार्य किये जा रहे हैं. टूरिस्ट स्पॉट विकसित होने से रोजगार की संभावना बढ़ेगी .टूरिस्ट स्पॉट विकसित करने के लिए स्थानीय नागरिकों का भी योगदान महत्वपूर्ण होगा.
