लूट के दौरान अपराधियों ने चलायी गोली, दो मजदूर घायल

क्राइम. दुमका से किराना सामान लेकर गोड्डा जा रहे ट्रक को बनाया शिकार गोड्डा के पथरगामा थाना के तबलपुर निवासी है दोनों मजदूर ट्रक ड्राइवर ने सात-आठ अज्ञात के खिलाफ दर्ज करायी प्राथमिकी एसपी ने बताया बदमाशों की हुई पहचान, छापेमारी जारी हंसडीहा : जिले के हंसडीहा थाना अंतर्गत कुरमाहाट रेलवे हाॅल्ट समीप मुख्य मार्ग […]

क्राइम. दुमका से किराना सामान लेकर गोड्डा जा रहे ट्रक को बनाया शिकार

गोड्डा के पथरगामा थाना के तबलपुर निवासी है दोनों मजदूर
ट्रक ड्राइवर ने सात-आठ अज्ञात के खिलाफ दर्ज करायी प्राथमिकी
एसपी ने बताया बदमाशों की हुई पहचान, छापेमारी जारी
हंसडीहा : जिले के हंसडीहा थाना अंतर्गत कुरमाहाट रेलवे हाॅल्ट समीप मुख्य मार्ग पर नव निर्मित पुल के पास बीती रात करीब एक बजे हथियारबंद अपराधियों ने ट्रक चालकों से लूटपाट की तथा दो मजदूरों को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. दोनों का इलाज भागलपुर के एक निजी क्लिनिक में जारी है. जानकारी के मुताबिक जिस ट्रक में मजदूरों पर गोली चलायी गयी, वह ट्रक दुमका से किराना सामान लेकर गोड्डा जा रहा था. पुल के पास वन-वे रहने के कारण धीमी गति का लाभ उठाकर हथियारबंद अपराधियों ने ट्रक को रोका और ट्रक ड्राइवर सह मालिक को रड एवं डंडे के बल पर गाड़ी से नीचे उतारा.
जिसके बाद ड्राइवर के जेब से लगभग चार-पांच सौ रुपये निकाल लिये. इसके बाद अपराधी दूसरी तरफ गाड़ी में बैठे तीन मजदूरों से भी रुपये की मांग करने लगे. मजदूरों ने रुपये देने से इंकार किया तो उनमें से एक ने मजदूरों पर गोली चला दी. जिसमें पथरगामा थाना के तबलपुर निवासी दिवाकर मंडल एवं जगरन्नाथ मंडल घायल हो गये. मजदूर दिवाकर मंडल के सीने एवं बांह में तथा जगन्नाथ मंडल के चेहरे में गोली लगी.
लूट के बाद रास्ते में ही मिल गया गश्ती दल, घायलों को पहुंचा अस्पताल
घटना के बाद सभी अपराधी रेलवे हाॅल्ट की ओर भाग गये. अपराधियों के हटते ही सभी ट्रक के चालकों ने भी तेज गति से हंसडीहा की ओर अपनी गाड़ी दौड़ा दी. रास्ते में हंसडीहा थाना की पुलिस मिली, तो घटना की जानकारी दी गयी और घायलों को सरैयाहाट पहुंचाया गया. जहां से घायलों को गोड्डा रेफर कर दिया गया. गोड्डा में घायलों की नाजुक स्थिति देख बेहतर इलाज के लिये भागलपुर भेज दिया गया. गोड्डा शिवपुर निवासी ट्रक ड्राइवर सह मालिक कृष्णमोहन साह ने हंसडीहा थाना में सात-आठ अज्ञात अपराधकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. उसने बताया कि वह ट्रक से दुमका से गोड्डा किराना सामान दुकानदारों को पहुंचाने का कार्य करता है. हंसडीहा पुलिस मामला दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >