अस्पताल लाया गया घायल युवक.
Dhanbad News: तोपचांची बाजार वाटर बोर्ड सर्विस लेन पर हुई घटनाDhanbad News: तोपचांची थाना क्षेत्र के तोपचांची बाजार वाटर बोर्ड सर्विस लेन पर सोमवार तड़के 4:30 बजे अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दी. इससे युवक बुरी तरह घायल हो गया. घटना के बाद अपराधी घायल युवक रवि बक्स राय की बाइक जेएच 09 एम 4753 लेकर फरार हो गये. पुलिस इस घटना को कोयला खनन क्षेत्र से जुड़े विवाद से जुड़े होने की आशंका बता रही है. घटना में घायल बोकारो जिले के दुगदा थाना क्षेत्र के रटारी गांव निवासी रवि बक्स राय ने पुलिस को बताया कि वह अपने एक साथी दिवाकर सिंह के साथ बाइक से अपनी प्रेमिका से मिलने देवघर जा रहा था. इसी दौरान पीछे से एक बाइक पर सवार दो युवकों ने बाइक रोकने को कहा. दोनों पल्सर बाइक पर सवार थे. उसमें एक युवक हेलमेट पहने था जबकि दूसरा चेहरे पर गमछा ढके था. बाइक नहीं रोकने पर पर युवकों ने फायरिंग कर दी. इसका बाद बाइक रोकने पर अपराधियों ने रवि के पैर में गोली मार दी. घटना की सूचना मिलते ही तोपचांची थानेदार लव कुमार, एसआइ असीम कुमार टोपनो, राकेश दुबे, दिनेश पांडेय दल बल के साथ पहुंचे और घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है. पुलिस ने घायल को सीएचसी साहो बहियार पहुंचाया. वहां से घायल रवि को बेहतर इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच रेफर कर दिया.
सभी पहलुओं की जांच कर रही पुलिस : एसडीपीओ
इस संबंध में बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार बिमल ने बताया कि घायल रवि और उसके साथी दिवाकर सिंह से पूछताछ की गयी. दोनों के बयानों में विरोधाभास पाया गया. घटनास्थल की जांच के दौरान वहां खून के निशान या अन्य भौतिक साक्ष्य नहीं मिले हैं. इससे घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है. प्रारंभिक जांच में दुगदा क्षेत्र में कोयला खनन से जुड़े आपसी विवाद की बात सामने आयी है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.
